शहडोल में मजदूरी करने वाले रामबहोर नामदेव, पिता गंगा प्रसाद नामदेव, उम्र 29 वर्ष, ग्राम गांजर, थाना पपौंध ने जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी से शिकायत की है। जिसमें उसने ससुराल वालों पर पत्नी को जबरन ले जाने और उसे बेचे जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूर्व में थाना पपौंध में 24 नवंबर 2021 को रिपोर्ट किया था। बावजूद, आज दिनांक तक थाना पुलिस ने जांच या कार्रवाई नहीं की है। उसका कहना है कि, अगर न्याय नहीं मिला तो, मैं अपना जीवन त्याग दूंगा। जिसके जिम्मेदार यही लोग होंगे।
मेरा साढू और उसकी पत्नी जबरन ले गए - पीड़ित
उसने बताया है कि, मेरी शादी 2 वर्ष पूर्व ग्राम छतौली, जिला सिंगरौली निवासी पूजा नामदेव के साथ हुई थी। हम अच्छे से जीवन यापन कर रहे थे। मेरे व पत्नी के बीच आज तक कोई लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ। उसके बाद भी 20 नवंबर 2021 को सास शांति नामदेव और उसकी लड़की दुर्गा नामदेव, राजकली नामदेव और साढू पवन नामदेव शाम को मेरे घर आए और पत्नी को जबरन ले गए। उस वक्त न तो मैं घर में था और न ही मेरा भाई घर पर था।
दहेज के केस में फंसाने की देते हैं धमकी - पीड़ित
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घर से ले जाने के बाद पवन और उनकी पत्नी राजकली पैसे के लालच में मेरी पत्नी पूजा की दूसरी शादी के नाम पर बेच रहे हैं। मुझे धमकी दी जाती है कि तुम्हें दहेज प्रथा में फंसा देंगे। पीड़ित के पत्नी पूजा नामदेव को फिट की बीमारी है। उसके बाद भी वह अपनी पत्नी के ही साथ जीवन यापन करना चाहता है। उसने बताया है कि ससुराल वालों का कहना है कि अगर पूजा फिट में भी खत्म होती है तो भी हम जेल में डलवा देंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.