बिहार से ऑनलाइन सुपारी किलर बुलाकर पिता की हत्या करवाई:किडनैपिंग का प्लान फेल हुआ तो शिवपुरी में बेटे ने अपने सामने चलवाई गोली

शिवपुरी10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

शिवपुरी में बेटे ने 1 करोड़ रुपए के लिए पिता की हत्या करवा दी। उसने ऑनलाइन सर्च कर शूटर को बिहार से बुलवाया। आरोपी ने दोस्त के साथ मिलकर पहले एक मेडिकल संचालक की किडनैपिंग के लिए शूटर को बुलवाया था। लेकिन जब यह प्लान फेल हो गया तो पिता पर गोली चलवा दी। पैसों के लिए आए दिन पिता से उसका झगड़ा होता था। पुलिस ने आरोपी बेटे, उसके साथी और शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के दोस्त ने गूगल पर अपराधियों के वाट्सऐप ग्रुप्स लिंक्स सर्च किए। इसी के जरिए उन्होंने शूटर की तलाश की।

खबर आगे पढ़ने से पहले आप इस पोल पर राय दे सकते हैं...

मामला पिछोर थानाक्षेत्र का है। नगरिया कॉलोनी में 22 जुलाई को 55 साल के महेश गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। SP राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि महेश गुप्ता किराना व्यापारी थे। महेश के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अनिल और छोटा अंकित गुप्ता। अनिल आर्मी में था। उसने एक साल पहले फांसी लगा ली थी। इसी के इंश्योरेंस के एक करोड़ रुपए उसे मिले थे। अंकित (25) आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह शराब और जुए का आदी है। शराब बेचता भी है, सट्‌टा भी चलाता है। मां-बाप उससे नाराज रहते थे। अंकित पिता से शराब के लिए पैसे मांगता था। पिता उसे नहीं देते थे। इसी बात से वह खफा था।

ऑनलाइन सर्च कर बिहार से बुलाया सुपारी किलर

अंकित और पिछोर का ही रहने वाला नितिन लोधी (20) दोस्त हैं। नितिन लोधी हाईप्रोफाइल शौक रखता है। नितिन को भी उसके परिवार वाले खर्च के लिए पैसे नहीं देते थे। वह भी परेशान था। दोनों ने मिलकर किडनैपिंग की साजिश रची। सोशल मीडिया के जरिए सुपारी लेने वाले बदमाशों को सर्च करना शुरू कर दिया। उनकी पहचान बिहार के रहने वाले गुंडे अजीत चौहान (18) से हुई। दोनों ने मिलकर शहर के एक मेडिकल स्टोर संचालक की किडनैपिंग की साजिश रची। अंकित और नितिन ने एक लाख रुपए में अजीत को किडनैपिंग की सुपारी दे दी। बतौर एडवांस 10 हजार रुपए भी ऑनलाइन दे दिए। अजीत बिहार से झांसी (उत्तर प्रदेश) पहुंचा। यहां दोनों उसे लेने बाइक से पहुंचे। शिवपुरी से झांसी की दूरी 100 किलोमीटर है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

किडनैपिंग के लिए आया था, कर दी हत्या

पिछोर पहुंचने के बाद अजीत ने पैसे मांगे। इसके बाद काम करने की बात कही। चूंकि दोनों दोस्त पैसों की व्यवस्था नहीं कर पाए। पैसे नहीं होने के चलते किडनैपिंग की साजिश कैंसिल हो गई। अजीत दूसरा काम दिलवाने या पैसे देने की बात पर अड़ गया। उसने धमकी भी दी। अंकित को लगा कि पिता के कारण ही वह पैसों की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। ऐसे में उसने पिता को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। उसने पिता की हत्या की सुपारी अजीत चौहान को दे डाली।

आरोपी अंकित गुप्ता ने थाने में मनगढ़ंत कहानी बताई। वह रोने का नाटक करता रहा।
आरोपी अंकित गुप्ता ने थाने में मनगढ़ंत कहानी बताई। वह रोने का नाटक करता रहा।

ऐसे रची साजिश

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अंकित ने कबूला कि 21 जुलाई की रात उसने साजिश के तहत पत्नी और मां को अलग कमरे में सुला दिया। खुद भी अलग कमरे में सो गया। रात 2 बजे अजीत को घर बुलाया। यहां तीसरी मंजिल पर सो रहे पिता पर अपनी ही आंखों के सामने गोली चलवा दी। आवाज सुनकर परिवार वालों को लगा कि बिजली कड़की होगी। सुबह 6 बजे उसे दूसरी बनाई योजना पर काम किया। पुलिस को बताया कि किसी ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में उपयोग किया गया 315 का कट्टा को भी बरामद कर लिया।

ऐसे हुआ खुलासा

वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को शुरुआत से ही अंकित पर शक था। कारण है कि तीन मंजिला मकान में आने-जाने के लिए सिर्फ एक ही रास्ता है। उसके भी दरवाजे बंद थे। शक के आधार पर पुलिस ने अंकित को उठा लिया। घटना वाले दिन उसके मोबाइल की लोकेशन भी देखी। सख्ती करने पर अंकित ने वारदात कबूल कर ली। उसी की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश गोरखपुर से अजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास आधार कार्ड भी मिला है, जिसमें उसकी उम्र सिर्फ 18 साल दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की शादी हो चुकी है।

तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। इसके बाद जेल भेज दिया गया।
तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। इसके बाद जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पर ग्रुप चलाता है किलर

पुलिस के मुताबिक अजीत चौहान पेशेवर किलर है। वह सोशल मीडिया पर ‘अजीत किंग’ नाम से ग्रुप भी चलाता है। इसमें लिखा है- ‘अगर किसी को मर्डर, किडनैपिंग, लूट और चोरी करवानी हो तो संपर्क करें।’

तीनों आरोपी इकलौती संतान

महेश गुप्ता के बड़े बेटे की मौत के बाद अंकित उनकी इकलौती संतान रह गया था। दूसरा आरोपी नितिन लोधी भी माता-पिता का इकलौता बेटा है। पूछताछ में पता चला कि अजीत चौहान भी माता-पिता का इकलौता बेटा है। अजीत चौहान हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में नेटवर्क फैला रखा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।