निकाय चुनाव परिणाम:बल्देवगढ़ में भाजपा को बहुमत, खरगापुर, तरीचरकलां, ओरछा और निवाड़ी में निर्दलीयों के भरोसे भाजपा बनाएगी अपना अध्यक्ष

बल्देवगढ़10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
बल्देवगढ़| मतगणना के बाद एसडीएम ने पार्षद प्रत्याशियों को सौंपे जीत के प्रमाण-पत्र। - Dainik Bhaskar
बल्देवगढ़| मतगणना के बाद एसडीएम ने पार्षद प्रत्याशियों को सौंपे जीत के प्रमाण-पत्र।

रविवार को टीकमगढ़ जिले की दो नगर परिषद खरगापुर व बल्देवगढ़ और निवाड़ी जिले की निवाड़ी, तरीचरकलां के साथ ओरछा नगर परिषदों के पार्षदों का परिणाम घोषित हुआ। जिनमें खरगापुर में भाजपा जहां 6 सीटें जीती तो यहीं 8 निर्दलीय जीत कर आए। वहीं बल्देवगढ़ में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला। 15 वार्डों में से यहां भाजपा ने 8 पर जीत दर्ज की। जबकि ओरछा, निवाड़ी और तरीचरकलां में निर्दलीय प्रत्याशी के भरोसे भाजपा को अध्यक्ष बनाना होगा।

इसके अलावा टीकमगढ़ जिले की दोनों नगर परिषदों में कांग्रेस को सिर्फ 1-1 सीट पर जीत मिली, तो निवाड़ी में 3, तरीचरकलां में 3 और ओरछा में 4 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली, ऐसे में पांचों नगर परिषद में कांग्रेस को एक भी जगह बहुमत नहीं मिला। सूत्रों की मानें तो अब निवाड़ी, तरीचरकलां, ओरछा और खरगापुर में निर्दलीय प्रत्याशियों के सहयोग से भाजपा अपना अध्यक्ष बनाएगी।

निवाड़ी में भाजपा के जिलाध्यक्ष अपना वार्ड ही नहीं जीत पाए, कांग्रेस रही आगे
बूथ जिताने की बात करने वाली भाजपा के निवाड़ी जिलाध्यक्ष अखिलेश अयाची व उपाध्यक्ष पवन दुबे ओरछा में अपना वार्ड ही नहीं बचा पाए। वार्ड नंबर 11 में कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र रावत को 212 वोट मिले, जबकि भाजपा के रविंद्र यादव को 165 वोट मिले। इसके अलावा ओरछा नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गीता कुशवाहा को जहां 210 वोट मिले। वहीं भाजपा की कुसुमा देवी को 178 वोट मिले।

खरगापुर व तरीचरकलां में निर्दलीय जीतने वाले पार्षद होंगे किंग मेकर
खरगापुर विधायक राहुल सिंह की दो नगर परिषद के परिणाम रविवार को सामने आए। इनमें सबसे खराब स्थिति खरगापुर नगर परिषद की रही। यहां भाजपा के 6 और निर्दलीय 8 प्रत्याशी जीते। वहीं बल्देवगढ़ नगर परिषद में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला, बावजूद इसके यहां भी 6 प्रत्याशी निर्दलीय जीते। हालांकि इन दोनों नगर परिषद में कांग्रेस को सिर्फ 1-1 सीट पर ही जीत मिली।