टीकमगढ़ शहर के नंदीश्वर कॉलोनी में सरेआम महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। एक घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक खुलेआम सड़क पर जा रही युवती के साथ अश्लील हरकत कर रहा है। मोहल्ले वालों ने सीसीटीवी फुटेज कोतवाली पुलिस को सौंप दिए हैं। वीडियो और फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
24 घंटे में 4 चेन स्नेचिंग और 2 छेड़छाड़ के मामले
कॉलोनी वासियों ने बताया कि 24 घंटे के दौरान शहर में चैन स्नैचिंग और छेड़छाड़ की कई घटनाएं सामने आई है। दिन दहाड़े चार महिलाओं से चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुईं। जिसमें दो महिलाओं की चेन छीनकर बदमाश भाग गए। वहीं एक महिला और एक लड़की से छीना-झपटी के बाद सफल न होने पर बदमाश भाग निकले।
खुलेआम इस तरह की घटना से पूरी कॉलोनी के लोग परेशान हैं। वार्ड पार्षद राजीव जैन ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उपलब्ध करा दिए हैं। साथ ही कॉलोनी में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।
संत मिलन के दौरान चेन स्नेचिंग
राजीव जैन ने बताया कि 1 दिन पहले जैन समाज के संतों का मिलन सागर रोड स्थित अहिंसा पेट्रोल पंप के पास हो रहा था। जिसमें समाज की कई महिलाएं शामिल थीं। इसी दौरान पारस विहार कॉलोनी निवासी नीतू जैन और महावीर विहार निवासी ममता जैन के साथ धक्का मुक्की करके भीड़ में शामिल बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
महिलाओं से की छीना झपटी
नंदीश्वर कॉलोनी में बाइक चालक बदमाश ने एक लड़की के साथ अश्लील हरकत की। घटना के डर से लड़की अपने घर चली गई, लेकिन बदमाश के हौसले बुलंद होने पर वह फिर से नंदीश्वर कॉलोनी में गया और एक अन्य महिला के साथ छीना-झपटी करने की कोशिश की। कॉलोनी में लड़की के साथ हुई घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। एक दिन में लगातार चार घटनाएं होने से महिलाएं दहशत में हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.