शहर में असहाय और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश की सेवा कर रहे युवाओं का मनोबल बढ़ाने शुक्रवार को जैन संत आसरा गौ सेवा केंद्र पहुंचे। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण किया और निस्वार्थ भाव से गौसेवा कर रहे युवाओं के काम की सराहना की। वहीं 1 दिन पहले संत श्री रावतपुरा सरकार ने भी आसरा गौ सेवा केंद्र पहुंचकर गौशाला का निरीक्षण किया था।
दरअसल आसरा गौ सेवा केंद्र के सदस्य पिछले 10 सालों से सड़क दुर्घटना में घायल, बीमार और असहाय गोवंश की सेवा करते चले आ रहे हैं। मऊचुंगी रोड स्थित गौ सेवा केंद्र में वर्तमान में 50 से ज्यादा गोवंश है। गौ सेवा केंद्र के सदस्य स्वयं के खर्चे पर गायों का उपचार करते हैं।
इसके अलावा कहीं भी सड़क दुर्घटना में गाय, बैल या बछड़े घायल होते हैं तो तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाज शुरू कर देते हैं। बीते दिनों कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी ने भी आसरा गौ सेवा केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने उप संचालक पशु को दुर्घटनाग्रस्त और बीमार गायों के बेहतर इलाज के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए थे।
तीन जैन संत पहुंचे गौशाला
आसरा गौ सेवा केंद्र के संचालक सदस्य सुधीप मिश्रा ने बताया कि आज मुनि श्री समत्व सागर महाराज, मुनि साक्ष्य सागर महाराज और मुनि निवृत्त सागर महाराज ने गौशाला का भ्रमण किया। वहीं गुरुवार को संत श्री रावतपुरा सरकार महाराज ने गौशाला पहुंचकर बीमार और असहाय गायों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने भी गौ सेवा केंद्र का निरीक्षण कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.