जिले में मावठा पड़ने से बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मंगलवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो अब तक जारी है। गुरुवार सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। सुबह से कोहरा छाया रहा। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में कमी आई है।
जिले में मंगलवार रात करीब 1 बजे बादलों के गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। बुधवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। गुरुवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश से गेहूं की फसल को काफी फायदा होगा, जबकि चने और सरसों की फसल को नुकसान बताया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 4 दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी। रविवार को दिन का तापमान 25 डिग्री और रात का तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को दिन का पारा 26.5 और रात का तापमान 12.6 रहा। मंगलवार को दिन का तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को दिन का तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग ने मंगलवार को ही बारिश की चेतावनी जारी की थी। जिसमें उन्होंने 26 से 29 जनवरी तक बारिश की संभावना जताई थी। बीते 24 घंटे के दौरान जिले में करीब 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पानी से कोई नुकसान नहीं
शहर के कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ किसी वैज्ञानिक डॉ आरके प्रजापति ने बताया बारिश से फिलहाल फसलों को कोई नुकसान नहीं है। गेहूं की फसल को काफी फायदा होगा। चने और सरसों की फसल लगभग तैयार हो गई है, इसलिए थोड़े नुकसान की संभावना है। बारिश से फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं होता, अगर ओले पड़ेंगे तो नुकसान की संभावना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.