शहर के ऐतिहासिक नजरबाग मंदिर में श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को आकर्षक मंडप सजाया गया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ और भगवान को हल्दी लगाने की रस्म पूरी की गई। इस मौके पर महिलाओं ने बुंदेली विवाह गीत गाए।
5 दिन चलने वाले समारोह में शनिवार को गणेश पूजन के साथ महिला संगीत और भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। मंदिर के पुजारी सुरेंद्र मोहन द्विवेदी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी श्री राम जानकी विवाह महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। आज भगवान के विवाह का मंडप सजाया गया और संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन चल रहा है।
इसके बाद 28 नवंबर को गाजे-बाजे के साथ भगवान श्रीराम राजा सरकार की बारात निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के बाद बारात वापस मंदिर लौटेगी। इसके बाद विधि-विधान से मंदिर परिसर में भगवान का टीका होगा और पाणिग्रहण संस्कार की रस्में पूरी होगी। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को भगवान सत्यनारायण कथा और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।
इसके साथ ही पांच दिवसीय विवाह समारोह का समापन किया जाएगा। नजरबाग मंदिर के अलावा शहर के प्राचीन जानकी बाग मंदिर, शिव धाम कुंडेश्वर मंदिर और विजय राघव मंदिर में भी श्री राम जानकी विवाह महोत्सव पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा।
आकर्षक सजाया मंदिर
श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव के उपलक्ष्य में नजरबाग मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग बिरंगी रोशनी के साथ ही फूलों से विशेष साज-सज्जा की जा रही है। 28 नवंबर को श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव के दौरान रात भर भजन कीर्तन के आयोजन चलेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.