शहर में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने बुधवार को अस्पताल चौराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने नागपुर की अंध श्रद्धा उन्मूलन समिति के श्याम मानव के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला जलाया। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने श्याम मानव के फोटो पर जूते मारे।
दरअसल, नागपुर की संस्था अंध श्रद्धा उन्मूलन समिति के श्याम मानव ने बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज पर पाखंड फैलाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने के संबंध में आवेदन सौंपा था। इसके बाद से ही देश भर में हिंदूवादी संगठनों ने श्याम मानव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर के अस्पताल चौराहे पर श्याम मानव के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विहिप जिलाध्यक्ष विनोद आदित्य तिवारी ने श्याम मानव को दानव की उपाधि देते हुए कहा कि इस तरह की संस्थाएं लगातार सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए काम कर रही हैं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने श्याम मानव के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अस्पताल चौराहे पर पुतला जलाया। पुतले पर लगाई गई श्याम मानव की फोटो पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जूते और चप्पल मारे।
विदेशों से होती है फंडिंग
विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए देश की कुछ संस्थाओं को विदेशों से फंडिंग होती है। श्याम मानव की संस्था भी इनमें से एक है। देश में लगातार सनातन धर्म को कमजोर करने के लिए साधु-संतों को निशाना बनाया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने श्याम मानव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.