श्री रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को श्रीराम जन्मोत्सव परिवार ने शहर में प्रभात फेरी प्रारंभ की। नजरबाग मंदिर में सुबह से बड़ी संख्या में राम भक्त एकत्रित हुए। मंदिर के पुजारी ने विधि विधान से श्री राम रथ की आरती उतारी। इसके बाद शहर का भ्रमण करते हुए प्रभात फेरी शिव धाम कुंडेश्वर पहुंची।
श्री राम जन्मोत्सव परिवार के सदस्यों ने भगवान भोलेनाथ के चरणों में रामनवमी पर्व का प्रथम आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज अर्पित किया। साथ ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर श्री रामनवमी पर्व निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। कुंडेश्वर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ नंदकिशोर दीक्षित ने श्रीराम रथ की आरती उतार कर पूजा की। साथ ही सभी राम भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत कुंडेश्वर के सरपंच दिनेश खटीक ने परिजनों के साथ श्रीराम रथ की आरती उतारकर पूजा की। इस दौरान राम भक्तों ने धार्मिक गीतों पर जमकर नृत्य किया।
घर-घर बांटे जाएंगे धर्म ध्वज और आमंत्रण पत्र
श्रीराम जन्मोत्सव परिवार ने बताया कि गुरुवार से प्रभात फेरी के दौरान शहर के अलग-अलग मोहल्लों में घर-घर आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज का वितरण किया जाएगा। 28 मार्च तक शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 29 मार्च को नजरबाग मंदिर परिसर में शाम 5 बजे दीप यज्ञ का आयोजन होगा। जिसमें शहर के लोग अपने-अपने घरों से एक-एक दीपक लाकर मंदिर में जलाएंगे।
30 मार्च को मनाएंगे श्रीराम जन्मोत्सव
शहर के प्राचीन नजरबाग मंदिर में 30 मार्च को दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाएगा। साथ ही शाम 5 बजे से शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रीराम जन्मोत्सव परिवार ने बताया कि साल 2006 से सामूहिक रूप से रामनवमी पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। आयोजन का यह 18वां साल है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.