टीकमगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार रात करीब 1 बजे बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। वहीं आज सुबह से भी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। मावठा पड़ने से गेहूं की फसल को काफी फायदा होगा, जबकि चने और सरसों की फसल को थोड़ा नुकसान बताया है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 4 दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 20.5 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया था। रविवार को दिन का तापमान 5 डिग्री बढ़कर 25 और रात का तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया। इसके बाद सोमवार को दिन का पारा 26.5 और रात का तापमान 12.6 रहा। वहीं मंगलवार को दिन का तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विभाग ने 1 दिन पहले मंगलवार को ही बारिश की चेतावनी जारी की थी। जिसमें उन्होंने 26 से 29 जनवरी तक बारिश की संभावना जताई थी। हालांकि अनुमान से 1 दिन पहले बारिश हो गई।
फसलों को होगा फायदा
शहर के कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ कृषि वैज्ञानिक डॉ आरके प्रजापति ने बताया कि बारिश से फिलहाल फसलों को कोई नुकसान नहीं है। गेहूं की फसल को काफी फायदा होगा। चने और सरसों की फसल लगभग तैयार हो गई है, इसलिए थोड़े नुकसान की संभावना है। बारिश से फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं होता, अगर ओले पड़ेंगे तो नुकसान की संभावना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.