नगरीय निकाय चुनाव के पहले ही जलकर की राशि भाजपा सरकार ने 100 रुपए से बढ़ाकर 260 रुपए प्रति महीने कर दी लेकिन 22 साल बाद टीकमगढ़ नगर पालिका में कांग्रेस की परिषद बनी तो नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक ने जलकर की राशि 260 रुपए से घटाकर 150 रुपए प्रति महीने करने की बात नगर पालिका की पहली ही बैठक में 12 सितंबर 2022 को कही लेकिन अब तक जलकर की राशि नहीं घट पाई।
वहीं अब एक साल की जलकर राशि एडवांस में जमा करने वाले लोगों को दिक्कत बन गई है। टीकमगढ़ नगर पालिका में इस समय 10 हजार 568 नल कनेक्शनधारी है। जिनमें से 20 प्रतिशत उपभोक्ता ऐसे हैं, जो नगर पालिका में हर साल जलकर की राशि एक साल की एक साथ जमा कर देते हैं। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने पिछले साल मार्च 2022 में एक साल का जलकर जमा किया था। अब उन उपभोक्ताओं से अप्रैल 2022 से बढ़ी जलकर की राशि जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
ऐसे में उपभोक्ताओं का कहना है कि नगर पालिका हर साल लोगों से एडवांस राशि जमा करवा लेती है। अब रेट बढ़े तो उन उपभोक्ताओं को छूट दी जाए जिन्होंने एक साल की जलकर राशि एक साथ जमा कर दी थी। अगर एडवांस राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई तो मजबूरन कानून का सहारा लेने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
जलकर की राशि घटाए जाने के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक का कहना है कि चुनाव के पहले जलकर की राशि शासन स्तर से भाजपा सरकार ने बढ़ाई थी। जिसे कम करने का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है लेकिन अब तक भोपाल स्तर से मंजूरी नहीं मिली है।
महीने में 10 दिन मिला पानी
नगर पालिका क्षेत्र के 27 वार्डों में हनुमान चालीसा, फोर्ट व्यू, गंजीखाना मैदान, ढोंगा रोड, गायत्री मंदिर के पास, व्हाइट हाउस, कलेक्ट्रेट के पास और पुरानी टेहरी पर बनी पानी की टंकियों से सप्लाई होती है। शहर के लोगों को हर तीसरे दिन पानी मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महीने में सिर्फ 10 दिन पानी मिल रहा है और जलकर पूरे महीने का वसूला जा रहा है।
हर साल एडवांस राशि जमा करते हैं फिर हम पर जुर्माना कैसा
ढोंगा निवासी 65 साल के मुहम्मद रफीक का कहना है कि जब नगर पालिका में 40 रुपए जलकर की राशि हर महीने की जमा करना पड़ती थी। उस समय से हर साल एडवांस की राशि जमा करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता अपने खर्च काटकर जलकर की राशि पहले ही जमा कर देते हैं। अब उनसे बढ़ी हुई राशि वसूलने की बात कही ही जा रही है, साथ ही 65 रुपए प्रति महीने के हिसाब से जुर्माना भी भरने को कहा जा रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है।
नगर पालिका एडवांस जलकर लेना बंद कर दे, या जिन उपभोक्ताओं ने एडवांस राशि जमा की है। उन्हें छूट देते हुए अप्रैल महीने से बढ़ाई गई राशि नियमानुसार जमा करवाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो शासन प्रशासन से इस संबंध में शिकायत करेंगे। वहीं कटरा निवासी 35 साल की गृहणी निधि गुप्ता ने बताया कि उनकी किताब पर नगर पालिका द्वारा मार्च 2022 से मार्च 2023 तक का भुगतान कंपलीट लिखा है, लेकिन अब अप्रैल के बाद से बढ़ाई गई राशि जमा करने की बात कही जा रही है, जो एडवांस जमा करने वाले उपभोक्ताओं के साथ सीधा-सीधा छलावा है।
अधिक-कर के रूप में जमा करते हैं एडवांस राशि
नगर पालिका में उपभोक्ता से अधिककर के रूप में राशि जमा करवाई जाती है। अगर बीच में कोई भी कर की राशि बढ़ती है तो उस हिसाब से उपभोक्ताओं को राशि जमा करना पड़ती है। जिन उपभोक्ताओं ने जलकर के 1200 रुपए जमा किए थे। उसमें से दो महीने के 200 रुपए और शेष महीने के 260 रुपए के हिसाब से भुगतान करना होगा।
- अनिल श्रीवास्तव, जलकर शाखा प्रभारी, नपा, टीकमगढ़
एडवांस जमा करने वालों के मामले को दिखवाते हैं
जिन उपभोक्ताओं ने जलकर की राशि बढ़ने के पहले एक साल की राशि एक साथ जमा की है। उन उपभोक्ताओं के मामले को दिखवाते हैं। एडवांस जमा करने वाले उपभोक्ताओं को नियमानुसार राहत दी जाएगी।
- अंजली शुक्ला, उपयंत्री, जल शाखा, नगर पालिका, टीकमगढ़
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.