जिले के पलेरा जनपद के सिमरा खुर्द गांव के चार लोगों की 1 दिन पहले उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मौत हो गई थी। चारों के शव आज सुबह जैसे ही सिमरा खुर्द पहुंचे, तो पूरे गांव में मातम पसर गया। जानकारी लगते ही जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मौके पर पहुंचे। अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने परिजनों को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया।
दरअसल उत्तर प्रदेश के लखनऊ कैंट क्षेत्र में गुरुवार रात निर्माणाधीन दीवार गिरने से 9 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसमें सिमरा खुर्द के एक ही परिवार के चार लोग शामिल है। इसमें पति-पत्नि सहित दो बच्चे भी थे।
पलेरा जनपद सीइओ आरएस मीणा ने बताया कि सिमराखुर्द निवासी महेन्द्र सौंर अपने परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए लखनऊ गया था। वहां दिलकुशा कॉलोनी में यह लोग काम कर रहे थे। गुरुवार रात खाना खाने के बाद यह लोग निर्माणाधीन मकान की दीवार के पास सो गए।
लगातार जारी बारिश के चलते दीवार भरभरा कर गिर गई। इसमें दबने से 9 लोगो की मौत हो गई थी। जिसमें सिमरा खुर्द निवासी महेंद्र सौंर 22 वर्ष, चंदा सौंर 20 वर्ष के साथ ही पुत्र नीरज 3 वर्ष व प्रकाश 1 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात चारों के शव सिमरा खुर्द लाए गए। आज दोपहर में चारों का अंतिम संस्कार किया गया।
मजदूरी करने गया था लखनऊ
जानकारी में पता चला है कि मृतक महेंद्र आदिवासी अपने रिश्तेदारों के साथ मजदूरी करने लखनऊ गया था। महेन्द्र की ससुराल झांसी में है। पंचायत चुनाव के बाद वह अपने रिश्तेदारों के साथ मजदूरी के लिए लखनऊ गया। घटना के बाद परिजनों का कहना है कि उन्हें क्या पता था कि उसे मौत वहां बुला रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.