सुधा सागर रोड पर रहने वाली 21साल की युवती ने सागर जिले के बांदरी के लड़के साथ टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के सामने आकर जान दे दी। युवती की 14 मई को शादी थी। वह कार्ड बांटने के लिए घर से दोपहर में निकली थी।
दरअसल शनिवार शाम 5:45 बजे टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर ललितपुर की ओर से मालगाड़ी आ रही थी। इस दौरान एक युवक और युवती मालगाड़ी के सामने आ गए। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी देहात थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवती सुधा सागर रोड पर रहने वाले चिंतामन सेन की 21साल की बेटी रजनी निकली और लड़का सागर जिले के बांदरी निवासी दीपेश सेन उम्र 22 साल निकला।
दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। परिजनों के अनुसार रजनी सेन की शादी 14 मई को होनी थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। कार्ड बांटने के लिए रजनी शनिवार दोपहर 1 बजे के लगभग घर से निकली थी।
इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं पहुंची। किन कारणों से युवती ने यह कदम उठाया, इसकी जानकारी अभी परिजन को भी नहीं है।
प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का लग रहा मामला
एएसपी एमएल चौरसिया का कहना है कि टीकमगढ़ की लड़की और जिले के बाहर का लड़का है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल दोनों के शव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवाया गया है। लड़का और लड़की के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। रविवार को पीएम कराया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.