परमानेंट व कई मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका आंदोलन कर रही हैं। अब इन लोगों ने विपक्ष दल के नेताओं के दर पर गुहार लगाई है। बुधवार को नागदा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने नगर के प्रमुख मार्गो से रैली निकाली और कांग्रेस विधायक दिलीप सिंह गुर्जर के निवास पर पहुंची।
उन्होंने विधायक को 11 सूत्री मांग पत्र भी सौंपा। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाकर कहा कि जो हमसे टकराएगा मिट्टी में मिल जाएगा। आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस नेता चेतन यादव ने किया।
रैली कन्या चौराहा से शुरू हुई, जो एमजी रोड मार्ग, ओझा मार्ग, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग होते हुए दोपहर 3:00 बजे विधायक के निवास पर पहुंची। विधायक गुर्जर ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष रखा जाएगा। यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को परमानेंट करने की घोषणा भी करेगी। उनकी सरकार बनी तो उन्हें परमानेंट किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.