कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नौवें दिन मध्यप्रदेश में उज्जैन के करीब तराना फंटे पर रुकी। करीब 21 किलोमीटर चलने के बाद अब यात्रा का रात्रि विश्राम झलारा में होगा। गुरुवार को यात्रा का 85वां दिन था और सुबह इसकी शुरुआत उज्जैन के पास सुरासा से हुई थी। आज राहुल के साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी चले।
कल यानी शुक्रवार को यात्रा आगर जिले में प्रवेश कर जाएगी। यहां से यात्रा सुबह 6 बजे शुरू होगी। राहुल के स्वागत के लिए कई जगह मंच बनाए गए हैं। उधर यात्रा को लेकर राजस्थान पुलिस ने भी मध्यप्रदेश में मोर्चा संभाल लिया है। यात्रा की तैयारी और तरीका देखने उनकी एक टीम यहां आई है। दो दिन बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।
अपडेट्स...
स्वरा बोलीं- राहुल की नीयत साफ है
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भारत जोड़ो यात्रा के 85वें दिन इस यात्रा में शामिल हुईं। इतने दिनों बाद यात्रा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने भास्कर संवाददाता को बताया कि मेरी फिल्म रिलीज पर थी और मैं देश से बाहर भी थी। परसों ही लौटी और आज यहां आ गई। उन्होंने कहा- राहुल गांधी की नीयत साफ है। मुझे इस यात्रा से एक उम्मीद जगी है।
स्वरा भास्कर ने कहा कि नफरत से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। चुनावी वक्त में कुछ भी बयान देना, गैंगरेप के दोषियों को रिहा कर देना ये गलत है। महंगाई इतनी है और नफरत से लड़ाया जा रहा है। खाएंगे तो अनाज ही न, लाश तो नहीं खा सकते। ये लोगों को समझना होगा। एमपी की सड़कों पर उठ रहे सवाल पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल इसके लिए काम करने की जरूरत है।
गृहमंत्री बोले- यात्रा टुकड़े-टुकड़े गैंग को सपोर्ट करने वाली
भारत जोड़ो यात्रा में एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के शामिल होने पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- राहुल जी, राष्ट्र विरोधी लोगों का समर्थन करने वाले आपकी यात्रा में हैं। ये वही स्वरा भास्कर हैं, जिन्होंने ऋचा चड्ढा के सेना के खिलाफ बयान को शक्ति दी। ये वही स्वरा भास्कर हैं, जो पाकिस्तान की तारीफ के कसीदे पढ़ती हैं। कन्हैया कुमार, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर जैसे टुकड़े-टुकड़े गैंग का सपोर्ट करने वाले इस यात्रा में हैं। यह यात्रा भारत जोड़ो नहीं, भारत तोड़ो वालों का समर्थन करती दिख रही है।
यात्रियों ने महाकाल दर्शन किए
बुधवार यात्रा का विश्राम दिन रहा। इस दौरान राहुल दिन भर कंटेनर से बाहर नहीं निकले। भारत जोड़ो यात्रियों ने यात्रा विश्राम के दौरान कपड़े, जूते धोए और जरूरी काम निपटाए। इस दौरान कई यात्री महाकाल मंदिर दर्शन के लिए भी गए। वहीं, कुछ यात्रियों ने घुड़सवारी और गेम्स खेलकर दिन बिताया।
सभा के बाद आराम का दिन
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सातवें दिन धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंची थी। यहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन के दौरान पहले महाकाल को साष्टांग प्रणाम किया। उसके बाद महाकाल शिवलिंग का दुग्ध पंचामृत से स्नान कराया और पूजा की थी। इसके बाद सामाजिक न्याय परिसर में बड़ी सभा को संबोधित भी किया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.