उज्जैन में क्लीनिक में शादीशुदा महिला मरीज को बेहोश कर रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी डॉक्टर घर पर ही वेल केयर नाम से क्लीनिक चलाता है। घटना करीब 16 महीने पहले की है। आरोपी डॉक्टर ने महिला के फोटो-वीडियो भी बना लिए थे। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसने बीते 16 महीने में कई बार महिला से रेप किया।
6 दिन पहले भी डॉक्टर ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने हिम्मत कर पति को जानकारी दी। इसके बाद सोमवार को परिवार के साथ थाने पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में वह झोलाछाप निकला।
मैं परिवार के साथ किराए के घर में रहती हूं। एक साल पहले मई 2021 में मेरी तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज कराने के लिए डॉ. रिजवान अली के क्लीनिक वेल केयर पर पहुंची। पति भी साथ थे। इलाज के दौरान मुझे बेहोशी आ गई। नमाज का वक्त होने पर पति मस्जिद चले गए थे। नींद खुली तो देखा डॉक्टर गलत हालत में है। शोर मचाना और भागना चाहा तो उसने मुझे धमकाया। बोला- तुम्हारे फोटो-वीडियो बना लिए हैं। डर की वजह से ये बात मैं काफी समय तक छिपाए रही। लेकिन, 30 अगस्त को डॉक्टर मेरे घर में घुस आया। पति काम पर और बच्चे स्कूल गए थे। घर पर कोई नहीं था। डॉक्टर ने मेरे साथ फिर गलत किया। मैंने हिम्मत कर पति को जानकारी दी। इसके बाद उसके खिलाफ केस दर्ज कराया।
आरोपी के पास डॉक्टर की डिग्री नहीं
एएसपी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। नागझीरी थाना प्रभारी विक्रम इवने ने बताया कि आरोपी रिजवान के पास कोई डिग्री या सर्टिफिकेट नहीं है। वह घर पर ही फर्जी तरीके से क्लीनिक चला रहा था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.