सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ बुधवार को नवतपा की शुरुआत हो गई। इसका असर 2 जून तक रहेगा। पहले दिन धूप के तेवर तीखे रहे। चौबीस घंटे की बात करें तो दिन के तापमान में 1.5 डिग्री और रात के पारे में 3.2 डिग्री उछाल आया है। बादलों की आवाजाही जारी है।
बीच-बीच में धूल भरी हवा भी चल रही है। मौसम विभाग भोपाल के राडार प्रभारी वेदप्रकाश सिंह के अनुसार मई के आखिरी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी तो होगी लेकिन पारा 40, 42 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। दिन में छाए बादलों के प्रभाव से रात को गर्म हवा चलेंगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। मानसून तय समय पर ही आने का अनुमान है। इस बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
जीवाजी वेधशाला के अनुसार बुधवार को अधिकतम 40 और न्यूनतम 26.2 डिग्री रहा। आर्द्रता सुबह 71 और शाम को 29 फीसदी रही। हवा की गति सुबह 8 और शाम को 10 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। दोपहर बाद तपन बढ़ गई। शाम ढलने के बाद भी राहत नहीं मिली।
मानसून आगे बढ़ा
दक्षिण पश्चिम मानसून अरब सागर में मालदीव और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ गया है। इससे इन क्षेत्रों में हवा चलने के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।
3 दिन बाद अगला विक्षोभ
28 मई को अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना बनी हुई है। जिसके प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर एक सप्ताह तक जारी रहेगा।
मौसम में बदलाव के दो कारण
1 पश्चिमी विक्षोभ : बिहार के आसपास मध्य क्षोभ मंडल की पछुवा पवन के बीच एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है। जिससे नमी में बढ़ोतरी आने की संभावना है। बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवा चलने की उम्मीद है। 2 ट्रफ लाइन : हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 2.1 किमी की ऊंचाई तक फैले चक्रवातीय परिसंचरण के साथ दक्षिणी ओडिशा के ऊपर भी सक्रिय है, जिससे होकर उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन पूर्वी बिहार, आन्ध्र तक गुजर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.