केडी गेट से इमली तिराहा तक के मार्ग के चौड़ीकरण के लिए खर्च की बाधा दूर कर ली गई है। नगर निगम इसे अपने खर्च से करवाने जा रही है। 8 फरवरी को होने वाली एमआईसी में इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। उम्मीद है कि ऐसा हुआ तो डेढ़ वर्ष में पुराने शहर के इस मार्ग की सूरत बदल जाएगी। यह चौड़ा और विकसित हो जाएगा।
दरअसल नगर सरकार का मानना है कि शहर में भीड़ प्रबंधन व सुगम यातायात के लिए इस संकरे मार्ग को जल्द से जल्द चौड़ा किया जाना जरूरी है। लिहाजा इस काम को प्राथमिकता से करवाने की तैयारी है। करीब दो किमी लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण में 7.32 करोड़ का खर्च आना है। इसकी वित्तीय स्वीकृति के लिए निगम ने शासन को प्रस्ताव भेज रखा है।
हालांकि वहां से स्वीकृति नहीं आई है, इसी बीच अब निगम परिसीमन संपत्तियों से प्राप्त फंड से इस काम करने जा रही है। करीब 8 करोड़ रुपए चौड़ीकरण के इस प्रोजेक्ट के लिए रखे गए हैं। वर्तमान में केडी गेट से इमली तिराहा तक के इस मार्ग की चौड़ाई करीब 15 से 25 फीट तक है। इसे 50 से 60 फीट चौड़ा किए जाने की प्लानिंग है। चौड़ीकरण में 439 मकान-प्रतिष्ठान प्रभावित हो रहे हैं। इसके लिए कइयों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
इन कारणों से प्राथमिकता में यह काम
- महाकाल महालोक के बाद शहर में लगातार श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है। यह मार्ग सीधे तौर पर महाकालेश्वर मंदिर से गोपाल मंदिर, सांदीपनि आश्रम, मंगलनाथ आदि को जोड़ता है। लिहाजा इसी मार्ग पर भीड़ का दबाव ज्यादा रहने लगा है।
- पुराने शहर का यह मार्ग सीधे इंदौर फोरलेन से भी जुड़ा हुआ है।
- सिंहस्थ की दृष्टि से भी इस मार्ग का चौड़ीकरण जरूरी है। पिछले सिंहस्थ के दौरान यह कार्य समय के अभाव में टल गया था। जिसे अब किया जाना जरूरी हो गया है।
- इधर, राजनीतिक दृष्टिकोण से भाजपा संगठन इस मार्ग के चौड़ीकरण को पार्टी हित में मानकर चल रही है। चुनावी वर्ष होने से काम शुरू कर इसे भुनाने की तैयारी है।
चौड़ीकरण में यह होगा
4.86 करोड़ रुपए के खर्च से सड़क-नाली बनेगी।
1.50 करोड़ की अंडरग्राउंड लाइटिंग लगाई जाएगी।
96 लाख रु. पीएचई व सीवरेज लाइन पर खर्च होंगे।
काम जल्द ही शुरू करवाया जाएगा
केडी गेट से इमली तिराहा तक के मार्ग को निगम अपने खर्च पर चौड़ा करने जा रही है। शासन स्तर पर इसके लिए चर्चा हो गई है। 8 फरवरी को एमआईसी में प्रस्ताव को स्वीकृति दी जाएगी। इसके बाद टेंडर निकालकर जल्द काम शुरू करवाएंगे।
-मुकेश टटवाल, महापौर
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.