मौसम में बदलाव आ रहा है। रविवार की तुलना में सोमवार को दिन और रात के पारा में इजाफा हुआ। रात का पारा 7.5 डिग्री से बढ़कर 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिन का पारा 26 डिग्री से बढ़कर 27.5 डिग्री दर्ज हुआ। हालांकि मौसम में ठंडक बनी हुई है। सीहोर कृषि कालेज के मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर का कहना है कि गर्मी और बारिश के बाद अब ठंड का पैटर्न भी बदलने लगा है इसकी वजह जलवायु परिवर्तन है। इस बार अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मानसून की विदाई हुई। 10 साल में यह तीसरी सबसे लेट विदाई रही।
मानसून के जाते ही मौसम एकदम शुष्क हो गया। हिमालय में बर्फबारी और पाकिस्तान से एक के बाद एक हवाएं (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) आने के कारण अक्टूबर में ठंड महसूस हुई, लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। नवंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में न्यूनतम तापमान में कमी आई। तीसरे सप्ताह भी ठंड के तेवर ज्यादा कड़क नहीं हुए, लेकिन अंतिम सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
दो-तीन दिन ऐसी ही ठंड
एसएस तोमर ने बताया कि दो तीन दिन तक ऐसी ठंड के आसार है। इसके बाद कुछ दिन तापमान थोड़ा बढ़ेगा। उत्तर से सर्द हवा के आने का सिलसिला बना रह सकता है। दिसंबर के पहले पखवाड़े में शीतलहर चलने, मावठा गिरने के आसार हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.