पंजाब के गुरदासपुर के अंतर्गत आते बटाला में शनिवार शाम को एक ASI को गोली लग गई। यह गोली उनके ठुड्डी के आर-पार हुई। पुलिस का कहना है कि वह अपनी सर्विस रिवाल्वर को साफ कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल ASI की पहचान हरजीत सिंह के तौर पर हुई है। ट्रैफिक पुलिस हरजीत सिंह पुलिस लाइन बटाला में अपनी सर्विस पिस्टल की सफाई कर रहे थे। तभी अचानक उनकी पिस्टल से यह गोली चली और हादसा हो गया। आवाज सुन अन्य पुलिस वाले भी वहां पहुंच गए। तुरंत उन्हें पास के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया और परिवार को इसकी जानकारी दी गई।
गोली चलने की घटना की जांच करेगी पुलिस
ASI को मिलने के लिए DSP सिटी ललित कुमार भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ASI हरजीत सिंह को गोली कैसे लगी और रिवाल्वर से अचानक गोली कैसे चली, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल वह अस्पताल में हैं और उनका इलाज चल रहा है। हालत स्थिर है। हालत ठीक होने के बाद उनके बयान लिए जाएंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.