पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सरहद पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। घुसपैठिये के पास इंपोर्टिड गन भी थी। यह इस साल का पहला घुसपैठ का प्रयास BSF ने विफल करने में सफलता हासिल की है। फिलहाल BSF शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घुसपैठ अमृतसर सेक्टर के अंतर्गत आती BOP चन्ना के अंतर्गत की गई। BSF की 73 बटालियन के जवान सरहद पर गश्त पर थे। इसी दौरान घनी धुंध के बीच उन्हें किसी के आने का अनुमान लगा। घुसपैठिया भारतीय सीमा से 500 मीटर अंदर बनी सुरक्षा फैंसिंग तक पहुंच चुका था। BSF जवानों ने आवाज लगाई तो घुसपैठिये ने छिपने का प्रयास किया। जिसके बाद जवानों को फायरिंग करनी पड़ी।
पंप गन साथ लाया था घुसपैठिया
BSF के जवानों ने मारे गए घुसपैठिये से पंप गन भी बरामद की है। घुसपैठिये ने BSF के जवानों पर फायरिंग की या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पायी। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह तस्करी के मकसद से ही भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था।
2022 में मारे थे 2 घुसपैठिये
बीते साल 2022 की बात करें तो BSF ने पूरे साल में 2 घुसपैठिये मारे थे, जबकि 22 को भारतीय सीमा लांघते हुए जीवित पकड़ा था। इतना ही नहीं, गलती से सीमा लांघ भारतीय सीमा में पहुंचे 9 पाकिस्तानी नागरिकों को 24 से 48 घंटे के अंदर-अंदर पाक रेंजर्स के सुपुर्द कर दिया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.