कोरोना की तीसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। पंजाब के अमृतसर जिले के लिए रविवार के आंकड़े डराने वाले रहे। छुट्टी के चलते पूरे दिन में रोजाना से तकरीबन 800 टेस्ट कम हुए, लेकिन पॉजिटिव आने वालों का आंकड़ा दोगुना हो गया। वहीं दूसरी तरफ एक युवक की मौत कोरोना ने ले ली है, जिसकी उम्र 38 साल थी। वहीं पॉजिटिव आने वालों में भी सर्वाधिक 31 से 40 साल के युवा ही हैं।
सेहत विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, रविवार को 3612 टेस्ट ही हो पाए। लेकिन 963 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए। इनमें 717 शहर तो 246 ग्रामीण इलाकों के हैं। रविवार को कोरोना का पॉजिटिविटी रेट भी अन्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक रहा और 20 का आंकड़ा पार कर गया। रविवार का संक्रमण दर 26.66% रहा, जो गंभीर विषय है। रविवार को 305 लोग ठीक तो हुए, लेकिन एक्टिव केसों की गिनती 3677 तक पहुंच गई।
21 से 50 साल के लोगों को हो रहा कोरोना
शनिवार को जिन दो लोगों की मौत हुई, उनकी उम्र 31 से 40 साल के बीच थी। रविवार को जो एक मौत हुई, उसकी उम्र भी 38 साल थी। वहीं दूसरी तरफ कोरोना पॉजिटिव होने वालों में सर्वाधिक 31 से 40 साल के युवा ही हैं। रविवार की सूची में 31 से 40 साल के 239 युवा पॉजिटिव मिले। जबकि 21 से 30 साल के 191 और 41 से 50 साल के 179 लोग पॉजिटिव हुए।
बीते दिनों के आंकड़े चौकाने वाल रहे -
पॉजिटिव मरीजों की संख्या
उम्र | 16 जनवरी | 15 जनवरी | 14 जनवरी |
0-20 | 78 | 26 | 44 |
21-30 | 191 | 88 | 96 |
31-40 | 239 | 90 | 113 |
41-50 | 179 | 93 | 87 |
51-60 | 127 | 54 | 70 |
61-70 | 95 | 17 | 21 |
70+ | 53 | 7 | 11 |
16 जनवरी की पॉजिटिविटी दर सबसे अधिक रही
रविवार को दर्ज की गई पॉजिटिविटी दर सबसे अधिक रही। एक ही दिन में यह दर 26.66% तक पहुंच गई। जबकि अभी तक की एवरेज पॉजिटिविटी दर सिर्फ 3.09% है और 2 से 9 जनवरी तक का मात्र 4.04% रहा।
बीते पांच दिनों की पॉजीटिविटी दर-
तारीख | पॉजिटिविटी % |
16 जनवरी | 26.66% |
15 जनवरी | 7.44% |
14 जनवरी | 10.77% |
13 जनवरी | 16.79% |
12 जनवरी | 9.2% |
2 से 9 जनवरी तक | 4.04% |
ऐवरेज अभी तक | 3.09% |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.