अमृतपाल के गिरफ्तार गनमैन गोरखा बाबा के फोन की जांच से नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस को फोन से इस बात के सबूत मिले हैं कि यह लोग जल्लूपुर खेड़ा के पास फायरिंग रेंज बनाकर हथियार चलाने की प्रैक्टिस कर रहे थे। वहां हथियारों को खोलने-जोड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन्होंने आनंदपुर खालसा फोर्स के होलोग्राम भी बना रखे थे।
पंजाब पुलिस के IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने यह जानकारी दी है। IG ने बताया कि इस केस में अभी तक 207 लोग पकड़े गए हैं। इनमें 30 आरोपी हार्डकोर क्रिमिनल हैं। इनको गिरफ्तार किया जाएगा। बाकी 177 लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया है। उनको वैरिफाई किया जा रहा है। वैरिफिकेशन के बाद उन्हें छोड़ा जाएगा।
IG गिल ने यह भी बताया कि अमृतपाल का हुलिया अभी सेम है। उसने पगड़ी पहनी हुई है। चश्मा लगाया है। हालांकि उसने अपनी मूंछों को दाढ़ी के साथ फिक्स कर दिया है। अमृतपाल बिलगा के शेखूवाल के गुरुद्वारे से लाडोवाल गया था। वहां नदी पार करने के लिए नांव ढूंढ रहा था, लेकिन नांव नहीं मिली तो पुराने पुल को क्रॉस कर हार्डीज वर्ल्ड में गया। वहां से ऑटो लेकर कुरुक्षेत्र के शाहाबाद आया।
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल की एक CCTV फुटेज जारी की है। जिसमें उसने पैंट-शर्ट पहन रखी है और छतरी लेकर जा रहा है। यह फुटेज हरियाणा में कुरुक्षेत्र के शाहाबाद का है। पुलिस का कहना है कि अमृतपाल ने चेहरा छुपाने के लिए छाता लिया। हालांकि लुक से उसकी पहचान हो रही है। यह फुटेज 20 मार्च दोपहर 12 बजकर 18 मिनट का है। अमृतपाल से आगे उसका करीबी पपलप्रीत भी चेहरा छुपाकर जाता दिख रहा है।
अमृतपाल 19 मार्च की रात को शाहाबाद में बलजीत कौर के घर रुका था। महिला उसको ढाई साल से जानती थी। अमृतपाल को शरण देने वाली महिला SDM के रीडर की बहन है।
अमृतपाल के उत्तराखंड या महाराष्ट्र में होने का शक
इस बीच, वारिस पंजाब दे का चीफ और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह को छठे दिन भी पंजाब पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वह पंजाब से भाग गया है। पुलिस को उसके उत्तराखंड में होने का शक है। पंजाब से भागकर वह हरियाणा गया था। पुलिस को महाराष्ट्र के नांदेड़ में भी अमृतपाल के छिपे होने के इनपुट मिले हैं। पंजाब पुलिस की टीमें वहां रेड करने के लिए रवाना हो गई हैं।
पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुघरों की भी जांच की जा रही है। अमृतपाल के साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल का गनर है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल को 158 विदेशी खातों से फंडिंग की जा रही थी। इनमें से 28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी गई थी। इन खातों का संबंध पंजाब के माझा और मालवा से है। अमृतसर, तरनतारन, बटाला, गुरदासपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और फगवाड़ा के खातों का संबंध अमृतपाल से मिला है।
अपडेट्स...
विदेशी फंडिंग में एजेंसियों का फोकस इन पॉइंट पर
अमृतपाल सिंह की एक तस्वीर बुधवार को सामने आई है। इसमें वह शाहकोट की गली में नजर आया। पुलिस ज्यादा दूर नहीं थी। यह तब का वीडियो है, जब शाहकोट में पुलिस अमृतपाल का पीछा कर रही थी। पुलिस ने दो गाड़ियां जब्त की थीं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इससे थोड़ी ही दूरी पर अमृतपाल मर्सिडीज से उतर कर गली में घुसता दिखा था।
इसके अलावा एक और फोटो वायरल हो रही है। इसमें अमृतपाल ठेले पर बैठा नजर आ रहा है। तस्वीर जालंधर के गांव नंगल अंबिया की है। जहां अमृतपाल अपनी ब्रेजा कार को छोड़ मोटरसाइकिल पर फरार हुआ। मोटरसाइकिल बुधवार शाहकोट से तकरीबन 42 किमी दूर फिल्लौर-नूर महल रोड पर नहर के किनारे मिली। इसके बाद ठेले पर अमृतपाल की तस्वीर नजर आई।
पुलिस ने एक बुलेट और स्प्लेंडर बाइक बरामद की
अमृतपाल की फरारी में इस्तेमाल की गई दो बाइक पुलिस ने बरामद की हैं। इनमें एक बुलेट और एक स्प्लेंडर है। पुलिस का कहना है कि अमृतपाल अपने साथियों के साथ पहले बुलेट बाइक से भागा। रास्ते में बंदूक की नोक पर इन्होंने किसी राहगीर से एक स्प्लेंडर छीनी। अब ये सभी दो बाइक पर हो गए।
आगे जाकर इन्होंने दोनों बाइक रास्ते में ही छोड़ दीं। पुलिस को ये बाइक सादिकपुर से मिली हैं। इनकी नंबर प्लेट जांच के लिए भेजी गई हैं। इसी इलाके में पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।
जिस व्यक्ति से आरोपियों ने पिस्टल के बल पर बाइक छीनी, पुलिस उसकी पहचान कर उससे घटनाक्रम की जानकारी हासिल करेगी। पुलिस के मुताबिक जिन लोगों ने राहगीर से बाइक छीनी, वे गांव नंगल अंबिया से अमृतपाल के साथ ही भागे थे।
6 दिनों से अमृतपाल का करीबी तूफान लापता
अमृतपाल का करीबी और वारिस पंजाब दे का जिला प्रधान लवप्रीत सिंह उर्फ तूफान सिंह करीब 6 दिनों से घर नहीं आया है और न ही अब तक पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाई है। परिवार के मुताबिक अजनाला घटना के बाद से ही वह घर पर रहता था।
अजनाला पुलिस ने 18 फरवरी को तूफान सिंह को युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में घर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अमृतपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 23 फरवरी को अजनाला थाने का घेराव कर तूफान सिंह को रिहा करवाया था।
27 को अकाल तख्त के जत्थेदार की सिख समाज से बैठक
पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह सिख समाज से 27 मार्च को बैठक करेंगे। इस बैठक में कई बुद्धिजीवी पहुंचेंगे। बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा कि किस तरह पंजाब में बिगड़ रहे हालातों को सही किया जा सके। इस बैठक पर इंटेलिजेंस और सरकार की भी पूरी नजर है।
पत्नी से पूछताछ हुई, बब्बर खालसा की एक्टिव मेंबर है किरणदीप
पुलिस की टीम बुधवार को SP रैंक की एक महिला अधिकारी को लेकर अमृतपाल के घर पहुंची। तकरीबन 40 मिनट तक यह टीम अमृतपाल के घर में रुकी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने उसकी मां से बातचीत की। साथ ही अमृतपाल की पत्नी किरणदीप सिंह के साथ भी पूछताछ हुई है।
किरणदीप कौर के संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल के साथ सामने आए हैं। इतना ही नहीं, किरणदीप कौर को UK की पुलिस ने 2020 में बब्बर खालसा के लिए पैसे इकट्ठे करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया था।
अमृतपाल ने हुलिया बदला, पुलिस ने जारी की तस्वीरें
मंगलवार को अमृतपाल की एक तस्वीर सामने आई, जिसमें उसका हुलिया बदला हुआ है। उसने दाढ़ी कटवा ली है, पारंपरिक सिख बाणा उतार दिया है और पिंक रंग की पगड़ी में हैं। ब्रेजा कार छोड़ने से पहले वह नंगल अंबिया गांव के गुरुद्वारा में रुका था। जहां उसने गुरुद्वारे के ग्रंथी रणजीत सिंह व परिवार को एक घंटे के लिए बंधी बनाया था। यहीं अमृपाल ने अपना हुलिया भी बदला था।
अमृतपाल सिंह का हैंडलर गिरफ्तार
अमृतपाल सिंह का हैंडलर व लंदन में बब्बर खालसा इंटरनेशनल का सदस्य अवतार सिंह खंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। लंदन में अवतार खंडा ने भारतीय उच्चायोग की बिल्डिंग पर से तिरंगा उतारा और उसका अपमान किया।
इसके बाद भारत में UK के उच्चायोग को तलब किया गया। जिसके बाद एक ही दिन में UK पुलिस अवतार खंडा को गिरफ्तार कर लिया। खंडा खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल का मेंबर और अमृतपाल का हैंडलर है। वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी परमजीत सिंह पम्मा का भी खास है।
ये खबर भी पढ़ें:-
अमृतपाल जिस बाइक से भागा वह जालंधर में मिली: पत्नी बब्बर खालसा की मेंबर, फंड जुटाती है; मां से एक घंटे पूछताछ
वारिस पंजाब दे के चीफ अमृतपाल की तलाश में पुलिस का ऑपरेशन लगातार पांचवें दिन भी जारी है। जिस बाइक से वह भागा, उसे पुलिस ने बुधवार को बरामद कर लिया। बाइक जालंधर से करीब 45 किलोमीटर दूर दारापुर इलाके में लावारिस हालत में मिली (पूरी खबर पढ़ें)
पंजाब में अमृतपाल प्रकरण में शिअद देगा कानूनी मदद: सुखबीर बादल बोले- पुलिस एक्शन 'असंवैधानिक' और 'षड्यंत्र'; मोबाइल नंबर किए जारी
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस की कार्रवाई को अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने "असंवैधानिक" और "षड्यंत्र" बताया है। उन्होंने पकड़े गए 154 लोगों को कानूनी सहायता की पेशकश की (पूरी खबर पढ़ें)
लंदन में तिरंगे का अपमान करने वाला गिरफ्तार: बब्बर खालसा इंटरनेशनल का मेंबर अवतार सिंह खंडा, अमृतपाल का भी हैंडलर यही
पंजाब में अमृतपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में लंदन स्थित भारतीय दूतावास के बाहर तिरंगे का अपमान करने वाले खालिस्तानी समर्थक अवतार सिंह खंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। खंडा प्रतिबंधित ग्रुप बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य है (पूरी खबर पढ़ें)
अमृतपाल के खिलाफ एक्शन पर रिएक्शन: विदेश व अन्य राज्यों के सिख कर रहे विरोध; इससे बंदी सिखों की रिहाई हो सकती प्रभावित
पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के बीच सरकार राज्य व भारत में लगातार सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक भी कर रही है और नजर भी रखे हुए हैं, लेकिन देश-विदेश में बैठे सिखों का विरोध कई सालों से जेलों में बंद बंदी सिखों की रिहाई के लिए चलाए अभियान को प्रभावित कर सकता है (पूरी खबर पढ़ें)
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.