प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक और उनके नाराज होकर वापस चले जाने की घटना से खफा भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। प्रधान सुरेश महाजन की अध्यक्षता में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक के खिलाफ कार्यकर्ता शुक्रवार दोपहर डीसी ऑफिस पहुंच गए। हाथ में भाजपा का झंडा लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इतना ही नहीं उन्होंने मोगा रैली में जाने के समय किसानों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प की भी निंदा की। प्रधान सुरेश महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले की सूचना को लीक किया गया। तभी किसान कार्यकर्ता सड़क पर आकर बैठ गए। ऐसा पंजाब सरकार की तरफ से जानबूझ कर किया गया। ऐसा करके पंजाब सरकार ने संपूर्ण भारतीयों की भावना से खिलवाड़ किया है। वहीं, इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की भी मांग कर दी।
45 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट देने वाले थे
प्रधान सुरेश महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को बड़े प्रोजेक्ट देने वाले थे। कटड़ा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे में अमृतसर को जोड़ा जा रहा था। कुल 45 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट पंजाब की झोली में आ रहे थे। लेकिन प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने की जगह उनकी सुरक्षा में ही चूक कर दी गई। जिसके बाद उन्हें बिना प्रोजेक्ट्स को शुरु किए ही वापस लौटना पड़ा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.