श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को डेढ़ लाख के करीब श्रद्धालू आज दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंच सकते हैं। सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी ने 1604 में आज ही के दिन दरबार साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया था। तब से लेकर आज तक हर साल आज ही के दिन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
सरकार ने फैंसला लेते हुए जिला अमृतसर में मंगलवार को एक दिन की छुट्टी घोषित की है। इसके बाद आज सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्था आदि बंद रहेंगे। दूसरी तरफ दरबार साहिब को फूलों से सजाया गया है। पिछले 5 सालों से इस पर्व के दिन पूरे दरबार साहिब में कई टन इंपोर्टेड फूलों से सजावट की जाती है। फूलों की सजावट के बाद दरबार साहिब की इस खूबसूरती को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।
मुंबई के व्यापारी करवा रहे सेवा
पिछले 5 सालों से दरबार साहिब को फूलों से सजाने की सेवा मुम्बई के व्यापारी केके शर्मा करवा रहे हैं। इस साल 110 टन फूलों की सेवा की गई है और दरबार साहिब को सजाया गया है। जानकारी के अनुसार 115 किस्म के यह फूल 8 ट्रकों में भरकर लाए गए। इसके बाद पूरी मर्यादा के साथ 300 कारीगरों ने मिलकर इन फूलों से दरबार साहिब को सजाया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.