गंभीर हालत होने के बावजूद डॉक्टरों ने कराई नार्मल डिलिवरी:पाकिस्तानी महिला ने अमृतसर में बेटे को दिया जन्म, पिता बोला-बेटे का नाम बॉर्डर-2 रखेंगे

अमृतसर2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारत आए हिंदू जत्थे में शामिल पाक महिला ने जलियांवाला बाग मेमोरियल सिविल अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। महिला की स्थिति क्रिटिकल थी लेकिन डॉक्टरों ने उसकी नार्मल डिलीवरी कराई। जच्चा-बच्चा दोनों ठीक हैं। यह दूसरा मौका है जब पाक महिला ने यहां पर बच्चे को जन्म दिया। इससे पहले कोरोना काल में अटारी बाॅर्डर पर एक पाक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था और उसका नाम बार्डर रखा गया था।

डॉक्टरों ने बताया कि महिला के पास किसी तरह की मेडिकल जानकारी नहीं थी। यहीं पर सारे टेस्ट हुए। डॉ. आरिफ ने बताया कि बच्चे ने मां के पेट में ही पोटी कर दी थी, जिस कारण स्थिति गंभीर हो गई थी। खैर, दोनों ठीक हैं। कैलाश ने बताया कि उसका बेटा बार्डर के जिले में पैदा हुआ है, इसलिए इसका नाम बार्डर-2 रखेंगे। क्योंकि इससे पहले एक बच्चा यहां पैदा हुआ था और उसका नाम बार्डर रखा गया था।

जयपुर जा रहा था हिंदुओं का जत्था, बॉर्डर पर हुई प्रसव पीड़ा

सोमवार को जयपुर के लिए पाकिस्तान से 50 हिंदुओं का जत्था अटारी-वाघा बार्डर के रास्ते भारत आया था। उसी में शामिल था कैलाश का परिवार। कैलाश के साथ उसकी बीवी डेला बाई और मां सरमिती मीरा शामिल हैं। बाॅर्डर क्रास होने के बाद गर्भवती डेला को पेन होने लगी इसपर वहां के स्टाफ ने सिविल अस्पताल ले गए। डिलीवरी करवाने वाले डॉ. आरिफ और डॉ. ऐश्वर्या ने बताया कि महिला यहां पर बाद दोपहर 2:30 बजे लाई गई। इसके बाद उसकी नार्मल डिलिवरी 3:14 बजे हुई।