पंजाब के अमृतसर में करियाने की दुकान बंद कर रहे दुकानदार पर एएसआई ने सीधी गोली चला दी। गोली दुकानदार की छाती पर लगी। जिस कारण उसकी अस्पताल ले जाते हुए मौत हो गई। आरोपी को मारने की वजह रंजिश बताई जा रही है। आरोपी एएसआई राजेश इलाकावासियों के खिलाफ शिकायतें देता था, जबकि मृतक लोगों की मदद किया करता था। एएसआई राजेश कुमार को काबू कर सर्विस रिवाल्वर जब्त कर ली है। आरोपी का भतीजा सौरव सेठी अभी फरार है। राजेश थाना सुल्तानविंड में तैनात है।
घटना रात बीती 10:30 बजे के करीब हुई। खूह भल्लांवाला स्थित आनंद प्रोविजनल स्टोर के मालिक सदानंद कुक्कू को पास में ही रहने वाले एएसआई राजेश ओहरी ने गोली मार दी। कुक्कू घटना के समय दुकान बंद कर रहा था। उसके पिता कुछ मिनट पहले ही घर चले गए। बताया जा रहा है कि एएसआई राजेश और उसका भतीजा सौरव करियाने की दुकान आया। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ समय बाद ही एएसआई राजेश ने कुक्कू पर रिवाल्वर से तीन गोलियां चला दी। एक गोली कुक्कू की छाती पर लगी। उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
लोगों की मदद करता था मृतक, इसलिए मार दी गोली
एडीसीपी हरपाल सिंह रंधावा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है। पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एएसआई ने गोली क्यों चलाई। एसएचओ परनीत सिंह ने बताया कि एएएसआई राजेश कुमार इलाके के लोगों के खिलाफ बार-बार पुलिस में शिकायत करता था। जबकि मृतक कुक्कू लोगों की मदद करता था। जिससे खफा होकर ही एएसआई राजेश ने कुक्कू पर गोलियां चला दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.