पंजाब में नौतपा गुरुवार से शुरू हो चुका है, लेकिन प्रदेश में दूसरे दिन भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम खराब है। बीते 24 घंटे में हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह शहरों का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से कम दर्ज किया गया, वहीं आज 11 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश पड़ने की संभावना है।
शुक्रवार सुबह ही मौसम विभाग ने पंजाब के 11 जिलों में बारिश व तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी कर दी है। जिसके अनुसार आज मुक्तसर, फाजिल्का, फरीदकोट, फिरोजपुर, मोगा, कपूरथला, जालंधर, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर और बठिंडा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्पष्ट कहा गया है बारिश व बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे ना खड़ें हों या खेतों में काम ना करें।
जून में मानसूनी हवाओं के कमजोर रहने के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून पोर्ट ब्लेयर से 425 किमी दूर नानकोवरी द्वीप पर अटक गया है। यह 6 दिन से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इससे मानसून देश में 4-5 दिन की देरी से पहुंच सकता है। आमतौर पर मानसून पंजाब में मानसून 25 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस साल इसके जुलाई में पहुंचने का अनुमान है।
अरब सागर में बने चक्रवात से भी बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर में बने चक्रवात से नमी आ रही है। इस कारण कई इलाकों में बारिश हो रही है। 23 मई से वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव है। इस सिस्टम के मई के आखिरी दिनों तक बने रहने की संभावना है।
इस वजह से मई का आखिरी हफ्ता शुरू होने के बावजूद बुधवार से किसी भी उत्तर भारतीय राज्य में लू नहीं चली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, यूपी, बिहार, झारखंड में पिछले 24 घंटों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम रहा।
इस समय बारिश मानसून के लिए अच्छा संकेत नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का मार्च से लेकर मई तक सक्रिय रूप से आना अच्छा संकेत नहीं है। यूं तो मानसून कई कारणों से प्रभावित होता है, लेकिन एक बड़ा कारण मानसून से पहले तेज गर्मी पड़ना भी है। जमीन में नमी कम होना और तापमान अधिक रहना मानसून को अपनी ओर आसानी से खींच पाता है। संकेत स्पष्ट है कि उत्तर भारत तक आते-आते मानसून कमजोर पड़ सकता है।
बीते 24 घंटों में पंजाब में बारिश की स्थिति
पंजाब के कुछ जिलों को छोड़ बीते 24 घंटों में बारिश दर्ज की गई। गुरदासपुर व पठानकोट में बीते 24 घंटों में 23.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। फिरोजपुर में 11 एमएम, चंडीगढ़ में 9.4 एमएम, रोपड़ में 7.5 एमएम, एसबीएस नगर में 2 एमएम, मोगा में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
पंजाब के 3 शहरों का तापमान
अमृतसर- शहर का न्यूनतम तापमान बीते दिन से 1 डिग्री कम 21 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। वहीं बीते 24 घंटों में 5.6 MM बारिश दर्ज की गई। लेकिन आज अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़त देखने को मिलेगी और यह 33 डिग्री के करीब रह सकता है।
जालंधर- शहर का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। जालंधर में बीते दिनों 9 एमएम बारिश दर्ज की गई। आज दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के करीब रहेगा।
लुधियाना- शहर का न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं बीते 24 घंटों में यहां 1.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। आज यहां का तापमान भी 33 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.