दाढ़ी-मूंछ पर विवादित टिप्पणी करने वाली मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रहीं। कॉमेडियन का ट्वीटर पर विरोध शुरू होने के बाद अब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) भारती सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने जा रही है। दूसरी तरफ विवाद बढ़ता देखकर भारती सिंह ने ऑनलाइन आकर माफी मांग ली।
कॉमेडियन भारती सिंह का रविवार को एक वीडियो वायरल होना शुरू हुआ। इसमें भारती सिंह एक टीवी शो के दौरान दाड़ी-मूंछ पर टिप्पणी करती नजर आई। भारती का कहना था कि दाढ़ी-मूंछ क्यों नहीं चाहिए? दूध पीने के बाद दाढ़ी मुंह में डालो तो सेवइयों का टेस्ट आता है।
भारती सिंह इतने पर ही नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा कि उनकी कई सहेलियों की शादी हुई है और वह अब दाढ़ी-मूंछों में से जुएं निकालने में व्यस्त रहती हैं।
हालांकि भारती सिंह ने यह टिप्पणी मजाक में की थी, लेकिन इसे लेकर ट्वीटर पर उनका विरोध शुरू हो गया। अब SGPC ने उनकी इस टिप्पणी को लेकर कार्रवाई करने की बात कही है।
भारती बोली- मैं सिर्फ कॉमेडी कर रही थी
विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन भारती सिंह ने ऑनलाइन आकर माफी मांग ली। भारती ने कहा कि वह सिर्फ अपनी दोस्त के साथ कॉमेडी कर रही थी। उन्होंने कहीं भी किसी धर्म का नाम नहीं लिया। हर धर्म के लोग दाढ़ी और मूंछ रखते हैं। वह खुद अमृतसर में जन्मी हैं और वहीं बढ़ी हुई है। उन्हें पंजाबी होने पर गर्व है। फिर भी अगर उनकी शब्दावली से किसी को ठेस पहुंची है तो वह माफी मांगती हैं।
जानबूझ कर किया गलत शब्दावली का प्रयोग
इस बीच अमृतसर में SGPC प्रवक्ता ने बताया कि भारती सिंह अमृतसर से ही हैं। इसके बावजूद उन्होंने जिन शब्दों का प्रयोग किया, उससे सिखों की भावना को ठेस पहुंची है। दाढ़ी और मूंछ सिख सरूप का हिस्सा है। वीडियो से स्पष्ट होता है कि भारती ने यह शब्द जानबूझ कर बोले। SGPC इस पर सख्त है और आज ही भारती सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। एसजीपीसी कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस से आग्रह करेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.