विदेश में फ्लाइट से उतारे जाने की अटकलों में CM भगवंत मान का नाम आने की घटना को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने देश के लिए शर्म की बात बताया है। वह आज गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में स्पोर्ट्स प्लेयर्स को सम्मानित करने पहुंचे थे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी पर सवाल खड़े किए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि विदेश में किसी CM को फ्लाइट से उतारे जाने की घटना में नाम आने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते, लेकिन शराब के नशे में फ्लाइट से उतारे जाने की घटना में नाम आना ही देश के लिए शर्म की बात है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह नहीं जानते सच क्या है। सच या CM जानते हैं या सरकार के अधिकारी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल की सरकार शराब घोटाले से जुड़ रही है और मान सरकार पर ऐसी घटनाओं के आरोप लग रहे हैं।
आप सरकार की कारगुजारी पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को घोटालों से जुड़ा बताया। दिल्ली में हुए शराब घोटाले के किंग पिन खुद अरविंद केजरीवाल हैं और आरोपी डिप्टी CM मनीष ससोदिया हैं। उनके दो सेहत मंत्री खुद जेल में हैं। पंजाब में सरकार बनाने के 3 महीने बाद ही वह उप-चुनाव हार गए। अरविंद केजरीवाल जो भ्रष्टाचार से लड़ने की बात करते थे, वे खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुके हैं।
हिमाचल में AAP नेता कर चुके भाजपा जॉइन
अनुराग ठाकुर ने इस दौरान हिमाचल विधानसभा चुनाव पर भी बातचीत की और कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। आम आदमी पार्टी जिस जोर-शोर से मैदान में उतरी थी, अब सब खत्म हो चुका है। आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेता इस समय भाजपा जॉइन कर चुके हैं। अब अरविंद केजरीवाल सिर्फ वहां दिखावा ही कर रहे हैं।
विवादित स्पोर्ट्स मेडिसिन विभाग की प्रशंसा की
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस दौरान स्पोर्ट्स मेडिसिन विभाग की प्रशंसा की और हर राज्य व यूनिवर्सिटी में ऐसा विभाग होने की भी बात कही। यह वही विभाग है, जिसे लेकर GNDU टीचर्स एसोसिएशन वाइस चांसलर जसपाल सिंह संधू पर सवाल खड़े कर रही थी और जिसकी इनक्वायरी विजिलेंस विभाग कर रहा है।
वहीं दूसरी तरफ अनुराग ठाकुर ने 200 बेड का महिला व 200 बेड का पुरुष स्पोर्ट्स हॉस्टल यूनिवर्सिटी के नाम किया। उन्होंने कहा कि GNDU की तरफ से कुछ स्पोर्ट्स सेंटर देने की मांग की गई है और वह अवश्य इस पर विचार भी करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.