10 दिनों के बाद बुधवार को जिले में एक ही दिन में 2 कोरोना मरीजों की मौत हुई है जबकि 123 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पहली मौत शेरपुर ब्लॉक के 57 वर्षीय व्यक्ति की हुई है। व्यक्ति को 14 जनवरी को मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। हालत खराब होने पर 18 जनवरी को व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दूसरी मौत धूरी ब्लॉक के 69 वर्षीय व्यक्ति की हुई है। मृतक को 17 जनवरी से कोरोना के लक्षण थे। वह बुखार से पीड़ित था।
मरीज का ऑक्सीजन लेवल भी 84 प्रतिशत रह गया था। हालत खराब होने पर 19 जनवरी की साढ़े 6 बजे मरीज ने दम तोड़ दिया। मृतकों को वैक्सीन की डोज नहीं लगी थी। अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 883 तक जा पहुंची है। पिछले 17 दिनों में कोरोना से यह 8वीं मौत है। शेरपुर में 73 और धूरी में 51 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। बुधवार को जिले में 123 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 5 बिजली कर्मचारी, 3 कैंसर अस्पताल के कर्मचारी, 3 स्लाइट के छात्र और 1 तीन वर्ष का बच्चा शामिल है। सबसे अधिक संगरूर ब्लॉक में 43, भवानीगढ़ 24, धूरी 18, शेरपुर 12, कोहरियां 8, लौंगोवाल 8, मूनक 4, शेरपुर 4 और फतेहगढ़ पंजगराईयां में 2 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 16853 तक जा पहुंची है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.