चिलचिलाती गर्मी की वजह से शनिवार को लोग बेहाल रहे। शहर के मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा बाजार में सजे गन्ने का जूस, नींबू पानी,व शिकंजी आदि की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। शनिवार को होशियारपुर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग केंद्र के निदेशक डाॅ. मनमोहन सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ में मानसून की स्थिति पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले अच्छी रहने वाली है। शहर में बारिश भी सामान्य से अधिक हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को वेस्टर्न हिमालयन रेंज में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस वजह से अगले 72 घंटे में मौसम में मिजाज में बदलाव होगा और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होगी। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी और 96 घंटे के बाद गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ेगा। इस साल मानसून समय से पहले ही दस्तक दे सकता है। स्किन स्पेशलिस्ट डाॅ. शाम सुंदर शर्मा ने बताया कि सनबर्न से बचने का सबसे अच्छा उपाय है कि धूप में निकलने से पहले चेहरा ढंक लें और पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें।
बच्चों व महिलाओं को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। गर्मी के मौसम में अधिकांश बीमारियां शरीर में पानी की कमी से होती हैं। इससे बचने के लिए लोगों को खूब पानी पीना चाहिए। बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए उन्हें गर्मी के चपेट में आने से बचाएं। साथ ही रसीले फलों, सब्जियों, दही, छाछ, नारियल पानी, नीबू पानी, तरबूज, खरबूजे आदि का अधिक प्रयोग करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.