पंजाब के माछीवाड़ा में गैंगरेप पीड़ित लड़की की मौत के बाद पंजाब महिला आयोग हरकत में आ गया है। आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने पुलिस से जवाब तलब कर लिया है। साथ ही सीनियर अफसर से मामले की जांच के लिए कहा है। पुलिस से 25 अक्टूबर तक स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई है। मनीषा गुलाटी ने कहा कि सोशल मीडिया पर गैंगरेप से जुड़ी एक वीडियो वायरल हो रही है। इसके बाद आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है।
लुधियाना जिले के माछीवाड़ा क्षेत्र में गैंगरेप उस समय हुआ, जब लड़की खेत से चारा लेने गई थी। वहां 3 युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद उसके शरीर पर 12 जगह चोट के निशान मिले। इनमें 2 होंठों और बाकी प्राइवेट पार्ट पर थे। पुलिस इस मामले में दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज कर चुकी है।
लड़की को छोड़ लौट आई थी मां, बाद में बेसुध हालत में मिली
मृतक लड़की मां के साथ खेत में चारा लेने गई थी। मां कुछ देर बाद घर लौट आई। लड़की वहां अकेली रह गई। इसके बाद तीनों लड़के वहां पहुंच गए। शुरूआती जांच में पता चला कि 2 लड़कों ने उसे पकड़ लिया और तीनों ने कोई चीज खिला दी। उसके बाद लड़की के साथ रेप किया। फिर लड़की को वहीं बेहोश छोड़ भाग गए। जब बेटी घर न पहुंची तो मां खेत में देखने आई। वहां बेटी बेसुध मिली। उसने रोते हुए पूरी बात मां को बताई। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार को ही मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।
डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
मृतका के पोस्टमार्टम के लिए 3 डॉक्टरों का बोर्ड बना। इसमें तीनों आरोपियों की दरिंदगी का पता चला। डॉक्टरों ने मृतका का ब्रेन और विसरा जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि गैंगरेप के वक्त मुंह दबाने से शरीर में ऑक्सीजन की कमी या मिर्गी के दौरे से लड़की की हालत बिगड़ सकती है। लड़की को जहर देने की भी आशंका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.