पंजाब के जालंधर में गुरुवार को प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपप्रधान अशोक सरीन हिक्की, आशुतोष तिवाड़ी, महामंत्री नरिंदरपाल ढिल्लों ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार राज्य में अराजक तत्वों पर नकेल डालने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रही है। पंजाब में भाजपा की सरकार आई तो राज्य में फैली गुंडागर्दी, बढ़ रही डकैती और गोलीबारी की घटनाओं पर लगाम के लिए यूपी और बिहार का मॉडल लागू करेगी।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि जिस तरह राज्य में अराजकता फैली हुई है उससे पंजाब का हर परिवार अपने बच्चों को अच्छा भविष्य देने के लिए चिंतित है। असुरक्षा के माहौल के चलते पंजाब के व्यापारी-उद्योगपति पलायन कर हिमाचल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात व अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरफ जा रहे हैं। देश-दुनिया में पंजाबी विरसे की पहचान पंजाबी नौजवान नशे की पूर्ति के लिए माता-पिता की हत्या तक कर रहे हैं। माताएं-बहने और बच्चियां अपने पिता, पति, पुत्र को संगलियों से बांधने पर मजबूर हैं। ताकि खुद भी सुरक्षित रह सकें और दूसरों को सुरक्षित बना सकें।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जैसे सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है, वैसे ही पंजाब में भाजपा की सरकार आने पर युवाओं को रोजगार के द्वार खोले जाएंगे। नशे और बेरोजगारी के दल-दल में फंसे पंजाबी नौजवान को खुशहाली की तरफ मोड़ा जाएगा। भाजयुमो नेताओं ने कहा क कांग्रेस नेता पंजाब की जनता को भूल कर आपसी लड़ाई में मशगूल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.