जालंधर में रामलीला देखने गए बच्चों ने पुलिस को दौड़ा दिया। 4 बच्चे रामलीला देखने गए थे। रात होने पर वे रामलीला वाली जगह पर ही सो गए। बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन घबरा गए। उन्होंने पुलिस को किडनैपिंग की शिकायत दर्ज करवा दी। इससे पुलिस में भी हड़कंप मच गया। ताबड़तोड़ सर्च अभियान शुरू हो गया। इससे पहले कि पुलिस के हाथ कुछ लगता, रात बीत गई। सुबह चारों बच्चों की नींद खुली तो वे सीधे घर जा पहुंचे। तब परिजनों ने राहत की सांस ली।
बच्चे घर नहीं लौटे तो पुलिस के पास पहुंचे परिजन
फोकल प्वाइंट में रामलीला का मंचन हो रहा है। इलाके में रहने वाले लक्की, विक्की, दीपेश कुमार और अमन रामलीला देखने गए। रामलीला मंचन खत्म होने पर सब लोग वापस घर आ गए, लेकिन ये चारों घर नहीं लौटे। परिजन रामलीला मंचन वाली जगह पर गए, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। हारकर वे फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने चारों बच्चों की रामलीला से किडनैपिंग की शिकायत दर्ज करवा दी।
परिजनों का गुस्सा देख पुलिस ने खंगाले 3 जिले
पुलिस ने उन्हें थोड़ा इंतजार करने को कहा तो परिजन भड़क उठे। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके बच्चों को नहीं ढूंढ रही। उल्टा उन्हें चौकी से बाहर निकाल दिया। करीब दो घंटे तक मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। बवाल बढ़ा तो पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज करके जालंधर और अमृतसर समेत साथ लगते 3 जिले खंगाल डाले। पूरी रात पुलिस की मशक्कत करती रही, लेकिन बच्चों का कुछ पता नहीं चला।
परिजनों के उठने से पहले सकुशल घर पहुंचे बच्चे
परिजन सुबह नींद में ही थे कि अचानक एक के बाद एक चारों बच्चे घर लौट आए। परिजनों ने पूछा तो बोले कि रामलीला देखते हुए पता नहीं कब आंख लग गई। जिसके बाद उन्हें पता नहीं चला कि वे घर नहीं, बल्कि बाहर ही सो गए हैं। सुबह एक की आंख खुली तो उसने बाकी तीनों को उठाया। इसके बाद वे सब घर लौट आए। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई कि बच्चे सकुशल मिल गए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.