कांग्रेस हाईकमान ने ढाई महीने बाद होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, सोमवार को प्रदेश चुनाव कमेटी का गठन कर दिया। इस 53 मेंबरी चुनाव कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू होंगे। कमेटी के मेंबरों में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, को-ऑर्डिनेशन कमेटी की चेयरपर्सन अंबिका सोनी, कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़ और मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन प्रताप सिंह बाजवा शामिल है।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने पंजाब से पार्टी के आठों लोकसभा व तीनों राज्यसभा सांसदों के अलावा प्रदेश कैबिनेट के सभी 17 सदस्यों को प्रदेश चुनाव कमेटी का मेंबर नियुक्त किया है। इनमें दोनों डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी भी शामिल हैं।
पूर्व CM और PPCC प्रधान भी सदस्यों में
पूर्व CM राजिंदर कौर भट्ठल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के पूर्व अध्यक्ष सरदार हंसपाल सिंह व मोहिंदर सिंह केपी के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सेक्रेटरी केएल शर्मा, AICC सेक्रेटरी व MLA रमिंदर आंवला भी कमेटी मेंबरों में शामिल हैं।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल सिंह, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तीनों वर्किंग प्रेसिडेंट कुलजीत नागरा, सुखविंदर सिंह डैनी व पवन गोयल के अलावा पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरप्रीत कांगड़ भी प्रदेश चुनाव कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं।
चार पूर्व मंत्रियों को भी जगह
चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद कैबिनेट से हटाए गए 4 पूर्व मंत्रियों को भी इस कमेटी में शामिल किया गया है। इनमें MLA बलबीर सिंह सिद्धू, श्याम सुंदर अरोड़ा, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और साधु सिंह धर्मसोत शामिल हैं। हाईकमान ने इन चारों को कमेटी में शामिल करके एक तरह से इनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया है।
इन्हें भी बनाया गया सदस्य
इनके अलावा विधायक अजैब सिंह भट्टी व नवतेज सिंह चीमा, कांग्रेस एससी सेल के चेयरमैन डॉ. राजकुमार चब्बेवाल, पीएमसी प्रेसिडेंट बलवीर रानी सोढ़ी, यूथ कांग्रेस प्रधान वरिंदर सिंह ढिल्लों, एनएसयूआई की पंजाब प्रदेश इकाई के प्रधान अक्षय शर्मा, पंजाब सेवादल के मुख्य संगठक निर्मल खैरा के अलावा हाामिद मसीह को भी हाईकमान ने प्रदेश चुनाव कमेटी के सदस्यों में शामिल किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.