जालंधर के शिव नगर में पुलिस का चेकिंग अभियान:हर आने-जाने वाले की ली तलाशी, कागजात न होने पर वाहन चालकों के काटे चालान

जालंधर9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब के जालंधर के शिव नगर (नागरा) में शनिवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। अराजक तत्वों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत शिव नगर में चप्पे चप्पे पर पहले पुलिस का पहरा बैठाया गया। इसके बाद हर आने-जाने वाली की तलाशी ली। हर गली में पुलिस वालों का पहरा था, दोपहिया वाहनों की डिग्गियां खुलवा कर चेकिंग की गई।

गलियों में जाकर खुद अभियान में लगे अधिकारियों से जानकारी लेते सीपी संधू
गलियों में जाकर खुद अभियान में लगे अधिकारियों से जानकारी लेते सीपी संधू

शिव नगर में की गई पुलिस की अचानक रेड में एडीजीपी साईबर क्राइम प्रवीण सिन्हा, पुलिस कमिश्नर जालंधर गुरशरण सिंह संधू, डीसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा, डीसीपी जगमोहन सिंह, डीसीपी नरेश डोगरा और एसीपी अश्विनी अत्री ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। इसके अलावा खुद भी मौके पर मौजूद रहे। यह तलाशी अभियान मुख्य रूप से नशा तस्करों के खिलाफ था। पुलिस ने आने जाने वाले वाहनों के दस्तावेज भी चेक किए गए। क्षेत्र में अचानक पुलिस फोर्स को देखकर लोगों में दहशत का माहौल भी था।

बता दें कि शहर के आउटर में पड़ता यह क्षेत्र वैसे भी नशे और अराजक गतिविधियों के लिए बदनाम रहा है। पुलिस ने दोपहर को पूरी प्लानिंग के साथ क्षेत्र की पहले घेराबंदी की और उसके बाद आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली। बहुत से सारे दोपहिया वाहन चालकों के पास वाहन दस्तावेज नहीं मिले। जिनके चालान काटने के साथ-साथ इंपाउंड भी किया गया।

तलाशी अभियान के बारे में एडीजीपी कानून व्यवस्था को बताते अधिकारी
तलाशी अभियान के बारे में एडीजीपी कानून व्यवस्था को बताते अधिकारी

शिव नगर की घेराबंदी होने पर अधिकतर गलियों में लोग घरों में दुबके रहे। गलियों में पुलिस की गश्त के दौरान सन्नाटा पसरा हुआ था। मौके पर डीसीपी जगमोहन सिंह ने बताया कि यह सर्च अभियान अराजक तत्वों के खिलाफ छेड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि एडीजीपी लॉ एंड आर्डर के आदेश पर शिव नगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह चेकिंग अभियान सिर्फ शिव नगर में ही नहीं बल्कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में भी चलाया जा रहा। उनसे यह पूछे जाने पर और कहां-कहां पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, इस पर उन्होंने कहा कि यह सारे सीक्रेट मिशन होते हैं। इनके बारे में जानकारी डिस्क्लोज नहीं की जा सकती। इसके अलावा उनसे चेकिंग अभियान में लगाई गई फोर्स के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह इसके बारे में भी कुछ डिस्क्लोज नहीं कर सकते।

खबरें और भी हैं...