• Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Jalandhar
  • Municipal Corporation Negligence Young Boy Dead, While Crossing The Railing, The Pole Of The Street Light Caught The Current, Died On The Spot

जालंधर निगम की लापरवाही से युवक की मौत:रेलिंग क्रॉस करते वक्त स्ट्रीट लाइट के पोल से लगा करंट, मौके पर दी दम तोड़ दिया

जालंधर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब के जालंधर शहर में नगर निगम की लापरवाही ने एक नौजवान की जान ले ली। शहर के नकोदर चौक से गुरु नानक मिशन चौक की तरफ जाती वन-वे सड़क के बीच लगाई गई रेलिंग युवक क्रॉस कर रहा था। इस दौरान स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक इसी रोड पर एक अस्पताल के पास ढाबा चलाता था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक की पहचान विनय शर्मा के रूप में हुई है। वह चाय देकर रेलिंग क्रॉस करके ढाबे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान करंट लगा तो वह चिल्लाया। युवक की आवाज सुनकर मौके पर उसके पिता और लोग पहुंचे। सभी ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। छुड़ाने की कोशिश में ही युवक के पिता को भी झटका लगा, लेकिन वह बच गए।

पोल में टेस्ट पेन लगाकर करंट दिखाता निगम का कर्मचारी
पोल में टेस्ट पेन लगाकर करंट दिखाता निगम का कर्मचारी

लोगों ने टी-शर्ट डालकर युवक को खींचा और पोल से छुड़ाया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां से जवाब मिल गया। इसके बाद उसे एक अन्य अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि युवक की मौत मौके पर ही करंट लगने से हो चुकी थी।

युवक के शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने लोगों के बयान दर्ज करके नगर निगम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवक के परिजन इस बात पर अड़े हुए हैं कि लापरवाही के लिए जो दोषी हैं, उस पर कार्रवाई की जाए। दूसरा वह अपने लड़के की पोस्टमॉर्टम में चीरफाड़ नहीं कराना चाहते हैं।

मौके पर हादसे के बारे में बताते प्रत्यक्षदर्शी
मौके पर हादसे के बारे में बताते प्रत्यक्षदर्शी

युवक की मौत के बाद भी तीन घंटे तक पोल में रहा करंट

नगर निगम के खिलाफ लोगों का गुस्सा रात को जमकर फूटा। गुस्सा इसलिए फूटा, क्योंकि एक तो मौके पर नगर निगम का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। दूसरा करीब तीन घंटे तक नगर निगम के कर्मचारियों ने पोल की लाइट डिसक्नेक्ट नहीं की, जिससे पोल में तीन घंटे तक करंट दौड़ता रहा।

लोगों का कहना था कि शायद निगम और लोगों के मरने का इंतजार कर रहा था। मौके पर पहुंचे नगर निगम के इलेक्ट्रिकल विंग के इलेक्ट्रिशियन ने बताया कि लाइट पीछे से बंद करने के लिए कहा गया है, लेकिन अभी तक बंद नहीं की गई है। पोल में करंट आने के बारे में लोगों ने पूछा तो उन्होंने कहा कि अब जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि पोल में करंट कैसे आया।