पंजाब में फसल खरीद में देरी पर घमासान मचा हुआ है। अब नवजोत सिद्धू के करीबी मंत्री परगट सिंह ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोला है। खेल और शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने कहा कि केंद्र की BJP सरकार किसानों को खराब कर रही है। थोड़े दिन पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मिलकर आए हैं। इसका मतलब यह हुआ कि यह पूरी साजिश BJP और अमरिंदर सिंह की है। यह साजिश अब जगजाहिर हो चुकी है। किसी भी राजनीतिक नेता को ऐसा नहीं करना चाहिए।
धान की खरीद के लिए केंद्र सरकार की तरफ से एक अक्टूबर का दिन तय होता है। इसी वजह से पंजाब की मंडियों में फसल पहुंच गई। अब अचानक एक दिन पहले केंद्र सरकार ने तारीख 11 अक्टूबर कर दी। इससे पंजाब सरकार फंस गई है। मंडियों में इतने बंदोबस्त नहीं हैं कि धान को 10 दिन तक रखा जा सके। किसानों ने आगे आलू समेत अन्य फसलें लगानी है, वो इसे खेत में नहीं रख सकते। पंजाब सरकार के पास भी मार्कफेड और दूसरी एजेंसियां हैं लेकिन ज्यादा खरीद केंद्र सरकार ही करती है।
कैप्टन के बड़े विरोधी रहे हैं परगट सिंह
परगट सिंह कैप्टन अमरिंदर सिंह के बड़े विरोधी रहे हैं। इसी वजह से वो नवजोत सिद्धू के करीबी होते चले गए। परगट ने CM रहते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह पर जमकर हमले किए। पंजाब में नशा, श्री गुुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी समेत कई मुद्दों पर अमरिंदर को पत्र लिखे। फिर सार्वजनिक बयानबाजी भी करते रहे। अमरिंदर के खिलाफ बगावत की भी अगुवाई की। इसका इनाम परगट सिंह को नई सरकार बनने पर खेल के साथ शिक्षा मंत्री बनाकर मिला। यह बात अलग है कि सिद्धू ने इस्तीफा दिया तो उनके साथ रजिया सुल्ताना ने मंत्री पद छोड़ा। मगर, परगट सिंह ने संगठन महासचिव और कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा नहीं दिया।
CM चन्नी ने PM से मुलाकात में भी उठाया मुद्दा
पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी शुक्रवार को PM नरेंद्र मोदी से मिले। उन्होंने वहां भी फसल खरीद में देरी का मुद्दा उठाया। CM चन्नी ने कहा कि आज तक फसल खरीद पहले शुरू तो हो जाती थी लेकिन देरी कभी नहीं हुई। यह पहली बार है कि धान खरीद को 10 दिन के लिए टाल दिया गया। चन्नी ने कहा था कि PM ने उन्हें भरोसा दिया कि इसके बारे में फैसला लेंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.