पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा राज्य सरकार के टोल प्लाजा को बंद करने का छेड़ा गया अभियान लगातार जारी है। आज इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने कीरतपुर साहिब में आनंदपुर साहिब-ऊना रोड पर टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टोल प्लाजा के बंद होने से अब प्रतिदिन लोगों के एक दिन में 10 लाख 12 हजार रुपए बचेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा पहले सरकार 7 टोल प्लाजा बंद कर चुकी है। कीरतपुर साहिब आठवां टोल प्लाजा है, जिसे फ्री कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपायरी डेट पर बंद नहीं किए बल्कि पहले ही बंद कर दिए। यह काम पहले वाली सरकारें भी कर सकती थीं, लेकिन उनकी नीयत साफ नहीं थी।
एग्रीमेंट की शर्तों को तोड़ा पर पिछली सरकारों ने कार्रवाई नहीं की
कीरतपुर टोल प्लाजा की कंपनी ने एग्रीमेंट के मुताबिक सड़कों का काम नहीं किया। कांग्रेस शासन में 2006 में हुए एग्रीमेंट के अनुसार 2013 में कंपनी को ओवर ले का काम करना था, लेकिन कंपनी ने 2014 में सड़क बनाई। शर्त ब्रीच करने पर एग्रीमेंट रद्द होना चाहिए था।
तब अकाली दल की सरकार थी, लेकिन एग्रीमेंट रद्द नहीं किया। दूसरी बार 19 नवंबर 2017 को सड़क की ओवर ले का काम होना था, लेकिन 2020 में सड़क बनाई गई। फिर दोबारा एग्रीमेंट की शर्त को ब्रीच किया गया। तब कांग्रेस की सरकार थी। 1093 दिन काम देरी से किया, लेकिन दोनों चाचा-भतीजे ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया और अपनी जेबें भरीं।
जुर्माना वसूल सड़क पर लगाएंगे पैसे
कंपनी से पहले ओवर ले और दूसरे ओवर ले में देरी के लिए जुर्माना 67 करोड़ रुपए जुर्माना लेना है। कंपनी ने किसान आंदोलन और कोरोना का बहना बनाकर 582 दिन की एक्सटेंशन मांगी थी कि उन्हें घाटा हुआ है। लेकिन सरकार ने एक्सटेंशन नहीं दी बल्कि 31 जनवरी को 60 दिन की मोहलत दी थी जो कि 31 मार्च रात 12 बजे खत्म हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी से 67 करोड़ रुपए वसूल कर इसी सड़क पर खर्च किए जाएंगे। सड़कों की रखरखाव की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को दी गई है। ऐसा नहीं होगा कि टोल प्लाजा बंद होने के बाद सड़कें मेंटेन नहीं होंगी, बल्कि कंपनी से बढ़िया मेंटेन की जाएंगी।
भगवंत मान ने चेतावनी दी कि जिन्होंने पंजाब का पैसे खाया है वह बचेंगे नहीं। जिन लोगों ने एग्रीमेंट तोड़ने के बाद कंपनी की मदद की और एक्सटेंशन देने में मदद की और मोटे पैसे कमाकर संपत्तियां बनाई हैं उन सब पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि लोगों का लूटा गया पैसा फिर से सरकार के खजाने में जमा करवाया जाएगा।
सुबह ट्वीट कर कहा था लोगों के पैसों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी
कीरतपुर साहिब टोल प्लाजा को बंद करने से पहले आज मुख्यमंत्री ने बाकायदा एक ट्वीट भी किया था। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि लोगों के पैसों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज कीरतपुर साहिब में श्री आनंदपुर साहिब-ऊना वाला टोल प्लाजा निशुल्क कर दिया जाएगा। लोगों के एक दिन में 10 लाख 12 हजार रुपए बचेंगे।
उन्होंने ट्वीट में कहा था कि कंपनी ने टोल प्लाजा की मियाद 582 दिन बढ़ाने के लिए अर्जी दी थी, जिसे रिजेक्ट कर दिया गया है। उन्होंने साथ ही लिखा था कि कंपनी ने एग्रीमेंट की शर्तों को कई बार तोड़ा है। इसके खुलासा भी जल्द करेंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.