पंजाब में जालंधर के रेल बिहार के करोल बाग एरिया में सांभर घूमता हुआ दिखाई दिया। लोगों ने सांभर को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। सांभर के आते ही स्ट्रे डॉग उसके पीछे पड़ गए। जिसके बाद वह वहां से भाग गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि होशियारपुर का वन क्षेत्र जालंधर के नजदीक पड़ता है। वहां से अक्सर जंगली जानवर भटककर शहर में आ जाते हैं। आज भी जो सांभर शहर में आया था वह भी होशियारपुर की तरफ से घुसा था।
सुच्ची पिंड वर्कशॉप में घुसा था सांभर
अभी कुछ दिन पहले भी जंगल से भटक कर करोल बाग के साथ लगते सुच्ची पिंड में एक सांभर घुस आया था। यहां पर सांभर एक वर्कशॉप में घुस गया था। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत प्रभाव से वन विभाग को दी थी। वन विभाग के कर्मचारियों ने जाल लगाकर सांभर को पकड़ा और होशियारपुर के चौहाल में ले जाकर वन में छोड़ दिया था।
इसी तरह से एक सांभर अटारी बाजार में भी घुस आया था। वहां पर तंग गलियों के बीच वन विभाग की टीम ने जाल लगाकर सांभर को काबू किया था। इस दौरान वह घायल हो गया था। वन विभाग के कर्मचारियों ने पशु अस्पताल में इलाज करवाकर जंगल में छोड़ा था।
दस्तक देकर गायब हो गया था तेंदुआ
कुछ दिन पहले जालंधर के देओल नगर में तेंदुआ देखा गया था। तेंदुए की सारी हरकतें एक घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। जिस समय तेंदुआ गली में आया था, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो तेंदुआ किसी को भी नुकसान पहुंचा सकता था।
देओल नगर में लगे CCTV कैमरे में तेंदुआ कैद तो हुआ, लेकिन वह कहां गया उसका कुछ पता नहीं लग पाया था। गली में चक्कर काटने के बाद तेंदुआ अचानक गायब हो गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.