पंजाब में जालंधर के शाहपुर चौक के पास रविवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शाहपुर चौक में एक नशे में धुत्त कार चालक ने बुलेट को जोरदार टक्कर दे मारी। इससे बुलेट पर सवार पति-पत्नी पक्की सड़क पर गिरे। पति का सिर पक्की सड़क पर टकराने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
गांव संधू चट्ठा निवासी बलजिंदर सिंह बुलेट पर अपनी पत्नी अनीता रानी के साथ गांव कुलार शामा की तरफ जा रहे थे। जैसे वह शाहपुर चौक के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही इंडिगो कार नंबर पीबी-10सीएन-4751 ने जोरदार टक्कर दे मारी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक बाइक सवारों को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। कार को जालंधर के तिलक नगर निवासी कर्मजीत सिंह चला रहा था। कर्मजीत घटना के वक्त नशे में धुत्त था। इस घटना में उसे भी चोटें आई हैं।
अनीता और कर्मजीत को तुरंत प्रभाव से काला संघिया अस्पताल में पहुंचाया गया। अनीता को काला संघिया से जालंधर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने अनीता रानी के बयान पर कर्मजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही बलजिंदर के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वहां पर जमकर हंगामा भी किया।
परिजनों ने पुलिस चौकी उग्गी के प्रभारी सुखविंदर पाल सिंह मुल्तानी और स्टाफ आरोप लगाया कि पुलिस कार चालक कर्मजीत को बचाने की कोशिश कर रही है। उसे अभी कर गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिजनों और नजदीकियों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन करते उग्गी में नकोदर-कपूरथला मार्ग करीब तीन घंटे तक बंद रखा।
उग्गी में धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर नकोदर के एसएचओ पलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि कार चालक भी घटना में घायल है, अस्पताल में भर्ती है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार करके उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं चौकी सुखविंदपाल मुल्तानी ने कहा कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.