जालंधर में एक युवक ने अपने भाई और साथियों के साथ फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने कर्मचारी पर कड़े और लोहे की रॉड से वार किए और फिर ईंट दे मारी। इससे वो बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। आरोपी इस बात से गुस्सा था कि कर्मचारी उनके घर क्यों आया। उसके आने की वजह से बाप को पता चल गया कि बेटे ने लोन लिया हुआ है। साथी कर्मचारी ने जख्मी को तुरंत आरोपियों के चंगुल से बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उसके बयान लेकर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
करतारपुर के रहने वाले राजकुमार राजा ने बताया कि वो भोगपुर की सिनेमा वाली गली में रहता है। वो लोटस फाइनेंस कंपनी में फील्ड अफसर है। उनकी कंपनी से गांव बुटरां के अलीशा ने 20 हजार का लोन लिया था। इसकी उसने एक ही किश्त दी। इसके बाद से किश्तें बंद पड़ी थी। जिसके बारे में पता करने के लिए वो अलीशा के घर चला गया।
बेटा घर पर नहीं था तो बाप को बता दिया
राजा ने बताया कि जब वो अलीशा के घर पहुंचा तो वो उस वक्त घर पर नहीं था। अलीशा का पिता सुखविंदर सिंह उसे घर के बाहर ही मिल गया। राजा ने पिता सुखविंदर को बताया कि अलीशा ने उनकी कंपनी से 20 हजार का लोन लिया है। जिसकी किश्तें नहीं आ रहीं। वो किश्त लेने यहां आया है।
बेटा आया तो बाप के साथ हुई बहस
इतनी देर में अलीशा भी वहां आ गया। सुखविंदर ने बेटे अलीशा को पूछा कि उसने लोन क्यों लिया है। ये सुनकर दोनों बाप-बेटे की आपस में बहस हो गई। इसके बाद अलीशा वहां से चला गया और सुखविंदर और उसकी पत्नी उससे बात करने लगे। फिर वो वहां से वापस ऑफिस आने लगा।
कुछ दूरी पर कर्मचारी को घेर जमकर पीटा
वो कुछ दूरी पर पहुंचा तो अलीशा ने अपने भाई आशी, अविनाश और कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड और कड़े से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उस पर ईंट भी मारी गई। आरोपी उसे लात-घूंसों से भी पीटते रहे। वो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। यह देख आरोपी वहां से भाग निकला। फिर किसी तरह उसने अपने साथी कर्मचारियों को फोन किया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.