जालंधर के देओल नगर में दिनदहाड़े लूट के इरादे से घर में घुसकर महिला पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। जिससे महिला के गले पर गहरा जख्म हुआ है। जिसके बाद महिला को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। जहां अब महिला की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, हमलावर को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। शुरूआती जांच में पता चला है कि महिला के घर आलमारी में रुपए देख लुटेरे की नीयत बिगड़ गई, जिस वजह से उसने महिला पर चाकुओं से एक के बाद एक तीन वार किए। पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्पताल में जख्मी देओल नगर की गुरप्रीत पराशर ने बताया कि बुधवार दोपहर में वह अपने 80 साल के बुजुर्ग पिता व बेटी के साथ घर पर थी। यह व्यक्ति इलाके में चारपाई बुनने का काम करता था। बुधवार को वो बाद एक व्यक्ति उसके घर आया। उसने कहा कि वह सारा काम कर देता है। घर में पानी की टूंटी ठीक नहीं थी। हमलावर ने कहा कि वो प्लंबर का काम भी करता है। इसलिए उसे टूंटी ठीक करने के लिए कहा। हमलावर ऊपर गया और उस पर आने वाला खर्चा बताया।
इसके बाद वह नीचे आ गया। जब गुरप्रीत कौर ने नीचे आकर उसे रुपए देने के लिए आलमारी खोली तो उसकी नीयत बिगड़ गई। जैसे ही गुरप्रीत ने उसे रुपए देने चाहे तो उसने चाकू से हमला कर दिया। पहला वार सीधे गले पर लगा। दूसरा वार महिला की छाती पर लगा। तीसरे वार में महिला ने चाकू पकड़ लिया। जिससे उनका हाथ भी जख्मी हो गया। इसी दौरान शोर शराबा मच गया और आरोपी हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया।
सिर पर चोट से हमलावर की हालत भी बिगड़ी
वहीं, हमले का पता चलते ही वहां काफी लोग जमा हो गए। जिन्होंने हमलावर को पकड़ लिया। पकड़े गए हमलावर के सिर से भी खून निकल रहा था और वह ढंग से खड़े भी नहीं हो पा रहा था। आरोपी को पुलिस ने वहां आकर हिरासत में ले लिया।
आरोपी से पूछताछ कर रहे : SHO
थाना भार्गव कैंप के SHO अजैब सिंह ने बताया कि महिला की हालत खतरे से बाहर है। महिला पति से बात कर यहां अपने बुजुर्ग पिता की सेवा के लिए आई थी। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। फिलहाल उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। फिर भी उससे पूछताछ की जा रही है कि उसके साथ कोई और तो शामिल नहीं था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.