पंजाब के जालंधर में महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के बढ़ रहे मामलों पर नकेल डालने के लिए अब लोगों ने भी अराजक तत्वों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी का नतीजा है कि देर रात अपने पति के साथ जा रही महिला को छेड़ने वाले तीन युवकों को पहले लोगों ने पकड़ा और फिर उनकी जमकर धुनाई की। लोगों ने तीनों मनचले युवकों के कपड़े तक फाड़ डाले। लोगों ने अपनी तसल्ली करने के बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला आदर्श नगर का है। आदर्श नगर गुरुघर के पास एक महिला अपने पति व बच्चे के साथ फ्रूट की रेहड़ी से फल खरीद कर अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जाने लगी तो पीछे से तीन बाइक सवार आए। पीछे बैठे एक बाइक सवार ने महिला को प्राइवेट पार्ट पर जोर से हाथ मारा और गंदी भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद जैसे यह युवक आगे बढ़े तो इनके आगे कार लेकर जा रहे दो सिंह बंधुओं ने इनकी हरकत को शीशे में देखकर इन्हें रोका और पूछा कि यह क्या बदतमीजी है। इस पर तीनों ने उन्हें भी गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां निकालनी शुरू कर दी।
इसके बाद दोनों गुरु सिख कार से नीते उतर आए और उन्होंने इन्हें पकड़ लिया। इसके बाद वहां पर लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने तीनों की जमकर धुनाई की। तीनों के कपड़े तक फाड़ डाले। लोगों ने अपनी तसल्ली करने के बाद पुलिस को फोन किया और तीनों को उनके हवाले कर दिया। हालांकि तीनों पकड़े गए युवकों का कहना था कि उन्होंने कोई छेड़छाड़ नहीं की है।
पुलिस वालों के आगे भी दावा कर रहे थे कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाल कर देख ली जाए। यदि वह गलत पाए जाते हैं तो बेशक उन्हें गोली मार दी जाए। तीनों को पुलिस थाना बावा बस्ती खेल में ले गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि तीनों के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ और भद्दी भाषा में बात करने की शिकायत आई है। जांच कर रहे हैं और जांच के बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.