पंजाब में गणतंत्र दिवस 2022 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत लुधियाना शहर गणतंत्र दिवस पर तिरंगे की रोशनी से जगमगाने वाला है। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। शहर के मुख्य पुलों और स्वतंत्रता सैनानियों की प्रतिमाओं को तिरंगा यानि केसरी-सफेद और हरे रंग की रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने वर्क ऑर्डर जाारी कर दिया है। समार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बेहद आकर्षक लाइटें और रेलिंग आदि का काम किया जाना है।
जगराओं पुल पर शहीदों की प्रतिमाओं के आसपास सजावट की जानी है। इसके अलावा वहां पर सिविल वर्क भी होने हैं, जिसके तहत इस तिकोने पार्क के आसपास रेलिंग की जानी है। शहीदों की प्रतिमाओं के आसपास लाइटिंग की जानी है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 70 लाख रुपए खर्च किए जाने हैं। कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू और पार्षद ममता आशू ने शहर में चल रहे इन कार्यों की समीक्षा भी की है।
जगराओं पुल पर 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जगराओं पुल पर लगी शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की प्रतिमाएं जगमगाने लगेंगीं। शहीदों की प्रतिमा के ठीक पीछे 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा रहा है, जिसके लिए पोल पहुंच चुका है और इसे लगाने का काम शुरू किया जा रहा है। इसे 26 जनवरी से पहले लगाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि 26 जनवरी तक यहां पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सके। इससे पहले शहर के रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह 100 फीट का राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया था।
शहर में अन्य जगहों पर भी होगी लाइटिंग
नगर निगम की तरफ से अलग-अलग जगहों पर लाइटिंग की जानी है, जो तीन रंगों में होगी। इससे पहले दक्षिणी बाइपास ब्रिज और एमसी जोन-डी कार्यालय व घंटाघर पर रंगीन एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। अब नगर निगम जोन-ए कार्यालय के पास महात्मा गांधी, जालंधर बाइपास पर डॉ. बीआर अंबेडकर, डीसी कार्यालय परिसर में शहीद निर्मलजीत सिंह सेखों और भाई बाला चौक पर करतार सिंह सराभा सहित चार प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण की परियोजना भी जल्द शुरू होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.