पंजाब में जेलों से ऑपरेट हो रहे ड्रग्स और गैंगस्टरों के नेटवर्क को ब्रेक करने के लिए सरकार बड़ी पहल कर रही है। इसके लिए जेलों में जैमर और खुफिया कैमरे लगाए जा रहे हैं। अगले छह महीने में में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार दिखेगा। रविवार को लुधियाना में शहीद सुखदेव के जन्म दिवस पर उनके नौघरा स्थित निवास स्थान पर पहुंचे जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने यह बात कही।
मंत्री बैंस ने कहा कि शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए। शहीद सुखदेव, भगत सिंह और राजगुरु के परम मित्र थे। तीनों के दिल एक थे। देश की आजादी के लिए तीनों का बलिदान एक बराबर है। शहीद सुखदेव का घर लुधियाना में होना शहर निवासियों के लिए गर्व की बात है। इससे पहले मंत्री ने शहीद सुखदेव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर शहीद सुखदेव मेमोरियल ट्रस्ट ने हवन ओर गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ का आयोजन किया। मंत्री बैंस ने हवन में आहुतियां डालीं।
शहीदों के सपनों वाली है आप की सरकार
कैबनिट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब को शहीदों के सपनों को पूरा करने वाली सरकार मिली है। शहीदों ने जो सपने देखे थे उसे आम आदमी पार्टी पूरा करेगी। बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अब तक के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। अगले वर्ष जब लुधियाना में आप पार्टी का कोई भी मंत्री आएगा तो वह अपने किए कार्यों के फूल शहीदों को अर्पण करेंगे।
पंजाब में हो रही अब लीगल माइनिंग
मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि पंजाब में अब लीगल माइनिंग हो रही है। जितनी अवैध खड्डे चल रही थीं तकरीबन सभी को बंद करवा दिया है। धीरे-धीरे पंजाब ट्रैक पर आ रहा है। पंजाब के लोगों को रेत सस्ती मिलनी शुरू हो जाएगी।
जेलों में अब तक रिकॉर्डतोड़ रिकवरी
मंत्री बैंस ने कहा कि पंजाब की जेलों की सुरक्षा को बढ़ाया जा रहा है। पंजाब पुलिस रोजाना चैकिंग कर रही है। अभी तक करीब 750 मोबाइल सूबे की जेलों से पकड़े जा चुके हैं। पिछली सरकार ने जेलों का सिस्टम बहुत खराब कर रखा था। कोई सुरक्षा नहीं, बैरकों में सीधा मोबाइल के पैकेट आकर गिरते थे। गैंगस्टर जेलों से फोन चलाते थे। जेलों में गैंगस्टरों की जिंदगी फार्म हाऊस वाली थी, लेकिन अब जेल का मतलब जेल ही होगा। कानून के मुताबिक ही सभी काम जेल में होंगे।
हाई सिक्योरिटी डेथ सेल होगा जाम
जेल मंत्री ने बताया कि सरकार की पूरी तैयारी चल रही है कि पंजाब की जेलों में हाई सिक्योरिटी डेथ सेल जाम किया जाए। जेल के अंदर किसी कंपनी के टावर के सिगनल नहीं आएंगे। जेल में दाखिल होते ही फोन के सिगनल खत्म हो जाएंगे। मामले में सुरक्षा मंत्रालय की भी परमिशन मिलने वाली है। जैसे ही काम पूरा होता तो पंजाब की जेलों में जैमर लगवा दिए जाएंगे। जेलों में कैमरे भी लगवाए जा रहे हैं ताकि चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा सके।
बॉर्डर एरिया से हथियार और नशा आना BSF की कमजोरी
पंजाब में नशा और पाकिस्तान से हथियार आने के मामले पर जेल मंत्री ने कहा कि बॉर्डर एरिया का पहले ही 50 किमी तक का एरिया BSF के अधीन है। यदि बॉर्डर एरिया से हथियार, ड्रोन या नशा आता है तो ये BSF की कमजोरी है। BSF को चाहिए कि सख्ती से काम करे ताकि पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था को बना कर रखा जा सके। पंजाब पुलिस लगातार अपना काम सही कर रही है। सरहद पर ड्रोन या ड्रग आने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। जम्मू-कशमीर के लोग भी बेसब्री से आम आदमी पार्टी की इंतजार कर रहे हैं। आने वाले समय में देश के हर राज्य में आम आदमी पार्टी का परचम फहराएगा।
इस मौके पर बैंस के साथ शहर विधायक अशोक पराशर पप्पी, हरदेव सिंह मुडियां, मदन लाल बग्गा, दलजीत सिंह भोला मौजूद रहे। ट्रस्ट प्रधान अशोक थापर ने कैबनिट मंत्री हरजोत सिंह बैंस को सम्मानित किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.