लुधियाना MP के PA पर अटैक का केस:4 दिन बाद 6 आरोपी गिरफ्तार, बाइकों पर आए थे हमलावर, 5 मिनट मारते पीटते रहे

लुधियाना7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पंजाब के लुधियाना जिले से सांसद रवनीत बिट्टू के पीए हरजिंदर सिंह ढींडसा (35) पर 4 दिन पहले अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में जिला पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना फिरोजपुर रोड स्थित अय्याली चौक की है।

मिली जानकारी के मुताबिक, हरजिंदर सिंह ढींडसा अपने गांव थरिके से निकलकर अय्याली चौक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइकों पर आए 15-16 हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि हरजिंदर सिंह की 2 बसें चलती हैं। एक बस में कुछ युवक एक लड़की से छेड़छाड़ कर रहे थे, जिन्हें ड्राइवर ने समझाया। हरजिंदर सिंह ने भी उन्हें समझाया था।

इसी बात की रंजिश रखते हुए युवकों ने मौका देख हरजिंदर सिंह पर हमला कर दिया। आरोपी युवक तलवारों और तेजधार हथियारों से लैस होकर आए और करीब 5 मिनट तक हरजिंदर सिंह पर लगातार वार करते रहे। हरजिंदर सिंह के सिर पर गहरे घाव हुए हैं। लोगों ने हरजिंदर सिंह को घायल अवस्था में एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को भी सूचना दी।

हरजिंदर सिंह को फिरोजपुर रोड पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उनके सिर पर 10 से 15 टांके लगे हैं।उनकी बाजू पर भी चोटें आई हैं। पुलिस कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा ने मामले की जांच के लिए थाना सराभा नगर और CIA-1 की टीम बनाई। इन दोनों टीमों ने आपसी तालमेल से आरोपियों को अहमदगढ़ मंडी जिला मलेरकोटला से गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह उर्फ जोत, हरमनप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह, जसप्रीत सिंह, पवनदीप सिंह, रुपिंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश करके 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। आरोपियों से उनके बाकी साथियों के बारे पूछताछ की जा रही है।

खबरें और भी हैं...