लुधियाना में आज जन्माष्टमी महोत्सव:रंग बिरंगी लाइटों से सजे मंदिर, हरे कृष्णा के जयकारों से गूंजा शहर

लुधियाना9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
लुधियाना का सबसे बड़ा मंदिर श्री कृष्णा रंग बिरंगी लाइटों से सजा। - Dainik Bhaskar
लुधियाना का सबसे बड़ा मंदिर श्री कृष्णा रंग बिरंगी लाइटों से सजा।

पंजाब के लुधियाना शहर में भगवान श्री कृष्ण का जन्म दिवस (जन्माष्टमी ) आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के सभी मंदिरों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। बाजारों में भीड़ है। जिन लोगों ने अपने घरों में भगवान श्री कृष्ण का स्वरूप लड्‌डू गोपाल जी सुशोभित किए हैं, उनके श्रृंगार का सामान खूब खरीदा जा रहा है। बाजारों में बच्चों को श्री कृष्ण के स्वरूप में सजाने के लिए कई तरह रंग बिरंगी ड्रेस हैं।

जन्माष्टमी मौके सजे बच्चे।
जन्माष्टमी मौके सजे बच्चे।

भारत में कई जगह 18 अगस्त को भी जन्माष्टमी मनाई गई है, लेकिन पंजाब में आज मनाई जा रही है। भगवान श्री कृष्ण के भक्त पर्व मनाने के लिए लोग तैयारियों में जुटे हैं। साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। बाजार भी सज गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण के झूले, सिंहासन, श्रृंगार का सामान व पोशाकों की अलग-अलग रेंज उपलब्ध हैं। 200 रुपए से भगवान श्री कृष्ण की पोशाक की कीमत शुरू हो जाती है।

भजन गायन करते कलाकार।
भजन गायन करते कलाकार।

शहर की घुमार मंडी, चौड़ा बाजार, शाह पुर रोड़, जवाहर नगर कैंप मार्केट, फील्ड गंज आदि मुख्य बाजारों में श्री कृष्ण की तस्वीर बने गहने महिलाएं खरीद रही हैं। लोग लड्डू गोपाल, बांसुरी बजाते भगवान श्री कृष्ण, माखन खाते कान्हा, मोर पंख धारण किए कान्ह, राधा-कृष्ण व अन्य मूर्तियां खरीदते नजर आए। भगवान श्री कृष्ण के श्रृंगार के सामान में पोशाक की पगड़ी, माला, बांसुरी, कुंडल व अन्य सामान लोग खरीदते दिखाई दे रहे हैं।

दुकानदारों का कहना है कि इस बार जन्माष्टमी पर रौनक है। पिछले दो साल कोरोना के कारण जन्माष्टमी का त्योहार पर कारोबार सही नहीं चल रहा, लेकिन इस बार उम्मीद है कि कारोबार त्योहारों में अच्छा चले। शहर के सबसे बड़े कृष्ण मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। वहीं भक्तों के स्वागत के लिए साइटों से सुसज्जित गेट बनाए गए हैं। फूलों से मंदिर की ड्योढ़ी को सजाया गया है।

शहर में कई जगह झांकियां आदि की प्रस्तुति देकर समारोह करवाए गए। बता दें कि जन्माष्टमी के मौके पर मंदिरों की सुरक्षा को भी पुलिस विभाग ने मजबूत कर दिया है। हर मंदिर के बाहर स्पेशल फोर्स तैनात है। वहीं CCTV कैमरों पर पुलिस नजर रख रही है। मंदिरों के बाहर सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मचारी घूम रहे हैं, ताकि अराजक तत्वों को दबोचा जा सके।

शहर के श्री कृष्णा मंदिर, इस्कान मंदिर, गोविंद गौधाम, शिव शक्ति मंदिर, शिव भोला मंदिर, गोपाल मंदिर, संगला शिवाला मंदिर में कीर्तन चलता रहा। वहीं भक्तों के लिए लंगर आदि भी व्यवस्था की गई। मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान श्री कृष्ण को झूला झुलाया।