सिटी साउथ पुलिस ने 5 दिन पहले नशे की ओवरडोज से युवक की मौत संबंधी मामले में 5 और लाेगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें जसवीर कौर जस्सी कौर नाम की महिला भी शामिल है, जो कई दिनों से भूमिगत थी। बता दें कि 11 मई की रात मैहमे वाला सेमनाले से मैहना गांव के निवासी अमनदीप का शव बरामद हुआ था। 12 मई को अमनदीप के परिवारजनों ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना दिया था।
तत्पश्चात, पुलिस ने उसी दिन पहले तीन आरोपियों देसराज देसा, अशोक मन्ना व जसवीर कौर जस्सी काे नामजद किया। उसने देशराज व अशोक मन्ना को पहले ही पकड़ लिया था। पुलिस ने शनिवार की देर रात से रविवार सुबह तक नशा तस्कर पकड़ो अभियान चलाया, जिसके तहत छापेमारी के दौरान अर्शप्रीत सिंह, लखबीर सिंह मन्ना, कुलबीर सिंह रिंकू, बलजीत सिंह मिंटू को पकड़कर अमनदीप केस में नामजद कर लिया।
जसवीर कौर जस्सी पहले से ही केस में नामजद थी। वह 5 दिनों से अपने घर साधां वाली बस्ती से फरार थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार सुबह करीब 3 बजे निहाल सिंह वाला में रेडकर उसे उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने केस में 3 अन्य लोगों को भी नामजद किया, इनमें सोना (महिला), तुक्का, देवा और साहिल शामिल हैं। डीएसपी (सिटी) जश्नदीप सिंह के अनुसार, 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने बनाए हॉट स्पॉट, 60-60 लोग लिस्ट में
नशा बिक्री के मामले में पुलिस की लगातार किरकिरी के चलते जिला पुलिस ने मोगा में सात हॉट स्पॉट बनाए हैं, जिनमें इंदिरा कॉलोनी, साधां वाली बस्ती, बुक्कन वाला रोड, लंडेके, प्रीत नगर, लाल सिंह रोड, दुन्नेके शामिल हैं। पुलिस ने हर हॉट स्पॉट पर 60 लोगों की लिस्ट तैयार की है, जो नशा बेचने का काम करते हैं अथवा पहले करते थे।
उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने शनिवार की देर रात से रविवार सुबह तक चलाए तलाशी अभियान में 15 लोगों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। पता चला है कि पुलिस कई दिन तक नशे के लिए बनाए हॉट स्पॉट पर रोज सर्च ऑपरेशन चलाएगी। नशा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस का डंडा अब तेजी से चलेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.